आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसी महिला: 'तोहफे लाई हूं' कहकर घंटों अड़ी रही; पुलिस ने दर्ज किया केस

Stranger Woman Trespasses Aditya Roy Kapur Home, Case Registered
X

आदित्य रॉय कपूर

मुंबई में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में एक 47 वर्षीय महिला के जबरन घुसने की खबर सामने आई है। महिला दुबई की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Aditya Roy Kapur: मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में एक 47 वर्षीय महिला द्वारा कथित रूप से जबरन घुसने का मामला सामने आया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमवार, 26 मई को शाम के करीब 6 बजे हुई जब अभिनेता शूटिंग के सिलसिले में घर पर मौजूद नहीं थे।

एक्टर के घर में अड़ी रही महिला
आदित्य रॉय कपूर के घर पर उस समय केवल उनकी घरेलू सहायिका संगीता पवार (49) मौजूद थीं। दरवाजे की घंटी बजने पर संगीता ने दरवाजा खोला तो सामने एक महिला खड़ी थी, जिसने खुद को गज़ला ज़कारिया सिद्दीकी बताया। महिला ने कहा कि वह अभिनेता के लिए कपड़े और तोहफे लेकर आई है। संगीता ने उस पर विश्वास कर लिया और उसे अंदर आने दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही देर बाद जब आदित्य रॉय कपूर घर लौटे, तो संगीता ने उन्हें महिला के बारे में बताया। महिला को देखते ही आदित्य ने साफ कहा कि वह उसे नहीं पहचानते। महिला अभिनेता के पास आने की कोशिश करने लगी, जिससे परेशान होकर आदित्य ने तुरंत सोसाइटी मैनेजर जयश्री डंकडू से संपर्क किया।

महिला के खिलाफ मामला दर्ज
इसके बाद अभिनेता की मैनेजर श्रुति राव को बुलाया गया, जिन्होंने तुरंत खार पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में महिला ने खुद को दुबई निवासी बताया, लेकिन वह किस उद्देश्य से भारत आई और कैसे अभिनेता के घर तक पहुंची, इस पर उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) के तहत मामला दर्ज किया है, जो बिना अनुमति घर में घुसने या जबरदस्ती घुसने से संबंधित है। इस घटना में महिला की मंशा को लेकर पुलिस को आपराधिक इरादों की आशंका है।

आदित्य रॉय कपूर की आगामी फिल्म
वर्क फ्रंट की बात करें तो आदित्य रॉय कपूर, अनुराग बसु की फिल्म मेट्रो...इन दिनों में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान, अनुपम खेर, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, फातिमा सना शेख, अली फजल और नीना गुप्ता जैसे कलाकार भी होंगे। यह फिल्म 4 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story