Sachin Sanghvi arrested: 'आज की रात' के कंपोजर सचिन सांघवी गिरफ्तार, काम के बहाने यौन शोषण का आरोप

म्यूजिक कंपोजर सचिन सांघवी को यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया।
X

म्यूजिक कंपोजर सचिन सांघवी को यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया।

मशहूर म्यूजिक कंपोजर जोड़ी सचिन–जिगर के सदस्य सचिन सांघवी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

Sachin Sanghvi arrested: बॉलीवुड की मशहूर म्यूजिक कंपोज़र जोड़ी सचिन संघवी के सदस्य सचिन सांघवी को एक महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 23 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। एक 29 वर्षीय ने महिला सचिन पर म्यूजिक एल्बम में काम देने और शादी का वादा करके उससे शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

जानिए पूरा मामला

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 29 साल की महिला शिकायतकर्ता ने बताया है कि सचिन ने पिछले साल (2024) फरवरी में उनसे संपर्क किया। उन्होंने इंस्टाग्राम मैसेज भेजा और अपने आगामी म्यूजिक एल्बम में काम का वादा किया। इसके बाद दोनों ने फोन नंबर भी साझा किए।

शिकायत में कहा गया है कि सचिन ने महिला को अपने म्यूजिक स्टूडियो बुलाया और वहां काम का ऑफर दिया। बाद में दोनों के बीच दोस्ती गहरी हुई और सचिन ने उसे शादी का वादा किया। महिला के आरोप हैं कि इस बीच सचिन ने उन्हें कई बार यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया।

'सभी आरोप बेबुनियाद हैं': सचिन के वकील

सचिन के वकील आदित्य मित्थे ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा, “मेरे क्लाइंट के खिलाफ FIR में लगाए गए आरोप पूरी तरह बिना आधार और निराधार हैं। इस मामले में कोई सच्चाई नहीं है। पुलिस ने मेरे क्लाइंट (सचिन) को अवैध तरीके से हिरासत में लिया इसलिए उन्हें तुरंत जमानत पर रिहा किया गया। हम इन सभी आरोपों का पूरी तरह और स्पष्ट रूप से बचाव करेंगे।”

सचिन ने अब तक इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। उनका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @soulfulsachin भी डिएक्टिवेट कर दिया गया है। वहीं जिगर ने भी इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

सचिन-जिगर के मशहूर गाने

सचिन-जिगर ने हाल ही में रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना अभिनीत दिवाली रिलीज़ ‘थम्मा’ का संगीत तैयार किया था। वहीं, उनका स्त्री 2 का गाना ‘आज की रात’ काफी फेमस रहा है। उन्होंने भेड़िया और परम सुंदरी में भी म्यूजिक दिया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story