Sidhu Moose Wala: सिद्धू मूसेवाला मर्डर पर बनी डॉक्यूमेंट्री रिलीज, मेकर्स के खिलाफ पिता पहुंचे कोर्ट, जानें क्या है मामला

Sidhu Moose Wala: पंजाबी सिंगर और रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री 'The Killing Call' को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के विरोध के बावजूद BBC वर्ल्ड सर्विस ने बुधवार 11 जून, यानी सिद्धू के 32वें जन्मदिन पर, इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज किया।
दरअसल, बीबीसी को बुधवार शाम को मुंबई के एक सिनेमा हॉल में डॉक्यूमेंट्री दिखानी थी। लेकिन विवाद के बाद बीबीसी ने इसे यूट्यूब पर ही जारी कर दिया। डॉक्यूमेंट्री बुधवार सुबह 5 बजे बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के यूट्यूब चैनल पर जारी की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि यह बिना परिवार की अनुमति के तैयार की गई है और इसमें उनके बेटे की हत्या से जुड़ी भ्रामक और आपत्तिजनक जानकारी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसका असर कोर्ट में चल रहे मामले पर भी पड़ सकता है, क्योंकि डॉक्यूमेंट्री में केस के नामित आरोपियों के इंटरव्यू शामिल हैं। इसके चलते उन्होंने BBC को कानूनी नोटिस भेजने के साथ-साथ महाराष्ट्र के डीजीपी और जुहू पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई है।
क्या है पूरा मामला?
BBC की इस डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला के जीवन, करियर, विवादों और हत्या से जुड़े तमाम पहलुओं को कवर किया गया है। इसमें पत्रकारों, दोस्तों, पुलिस अधिकारियों के इंटरव्यू और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के ऑडियो संदेश को भी दिखाया गया है। इसके अलावा, गोल्डी बराड़ पर 29 मई 2022 को मानसा जिले के गांव जवाहरके में सिद्धू मूसेवाला के मर्डर की साजिश रचने का आरोप भी है।
डॉक्यूमेंट्री पर क्या बोले सिद्धू के पिता
डॉक्यूमेंट्री को लेकर सिद्धू मूसेवाला के पिता का कहना है कि शुभदीप के विरोधियों ने डॉक्यूमेंट्री की रिलीज़ डेट जानबूझकर 11 जून रखी, ताकि बेटे की विरासत को ठेस पहुंचे। अब इस मामले में 12 जून को मानसा कोर्ट में सुनवाई होगी, जिसमें यह तय होगा कि डॉक्यूमेंट्री पर कोई रोक लगाई जाएगी या नहीं। वहीं दूसरी ओर, BBC ने बिना देरी के इसे यूट्यूब पर सार्वजनिक कर दिया है, जिससे विवाद और भी गहरा गया है।
काजल सोम