Nails Signs: नाखून भी बताते हैं सेहत से जुड़े राज़! जानिए किन बीमारियों का देते हैं संकेत
Nails Signs: नाखून से आप अपनी सेहत का अंदाजा लगा सकते हैं। शरीर में होने वाले बदलावों का असर नाखूनों पर भी दिखाई देता है।
नाखूनों से पहचानें सेहत से जुड़े हालात।
Nails Signs: हम आमतौर पर अपने नाखूनों को सिर्फ सुंदरता या ग्रूमिंग का हिस्सा मानते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि नाखून आपकी सेहत के राज़ भी खोलते हैं? नाखूनों का रंग, आकार और बनावट हमारे शरीर के अंदर चल रही कई चीजों की जानकारी देते हैं। कई बार दिल, लिवर, फेफड़ों या ब्लड से जुड़ी बीमारियों के शुरुआती संकेत नाखूनों में दिखने लगते हैं, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
अगर आपके नाखून बार-बार टूट रहे हैं, उन पर सफेद धब्बे या लकीरें दिख रही हैं, या उनका रंग बदल गया है तो इसे हल्के में न लें। यह शरीर में विटामिन, आयरन या प्रोटीन की कमी का इशारा हो सकता है। आइए जानते हैं, नाखून किन-किन बीमारियों का संकेत देते हैं और उनका क्या मतलब होता है।
नाखूनों के 5 संकेत पहचानें
फीके या सफेद नाखून: अगर नाखून बहुत ज्यादा फीके या सफेद दिख रहे हैं, तो यह एनीमिया (खून की कमी) या लीवर डिजीज का संकेत हो सकता है। यह शरीर में ऑक्सीजन की कमी या आयरन लेवल घटने का लक्षण भी है।
पीले नाखून: पीले नाखून कई बार फंगल इंफेक्शन, फेफड़ों की बीमारी या लिम्फेटिक सिस्टम की गड़बड़ी की ओर इशारा करते हैं। स्मोकिंग करने वालों में भी यह समस्या आम होती है।
नाखूनों पर सफेद धब्बे: छोटे-छोटे सफेद धब्बे आमतौर पर जिंक या कैल्शियम की कमी के कारण होते हैं। कई बार नाखून पर चोट लगने या डैमेज होने से भी ये निशान बनते हैं।
नाखूनों पर काली या भूरे लकीरें: अगर नाखूनों में गहरे रंग की लकीरें दिख रही हैं, तो यह स्किन कैंसर का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर से तुरंत जांच करवाना जरूरी है।
टूटते और कमजोर नाखून: बार-बार टूटने वाले या परतदार नाखून आमतौर पर थायरॉइड की समस्या, विटामिन बी की कमी या बार-बार पानी और केमिकल के संपर्क में आने के कारण होते हैं।
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ/डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)