Mumbai Boat Capsize: मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास यात्रियों से भरी एक नाव बुधवार शाम 4 बजे समुद्र में पटल गई। यह फेरी बोट एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी। नाव हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, इनमें 3 नौसैनिक शामिल हैं। जबकि 101 लोगों को सुरक्षित समंदर से निकाला गया है। इंडियन कोस्ट गार्ड और नौसेना की मदद से राहत-बचाव अभियान जारी है। कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बोट हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया।
The Prime Minister has announced an ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF for the next of kin of each deceased in the boat mishap in Mumbai. The injured would be given Rs. 50,000. https://t.co/EPwReaayYk
— PMO India (@PMOIndia) December 18, 2024
बोट में सवार थीं क्षमता से ज्यादा सवारियां
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समंदर में पलटी बोट में चालक दल (क्रू मेंबर्स) समेत 100 से ज्यादा यात्री सवार थे, जबकि नाव की क्षमता 80 लोगों की थी। यह बोट धीरे-धीरे एलीफेंटा द्वीप की ओर बढ़ रही थी, तभी एक छोटी स्पीड बोट ने उससे टकरा गई। टक्कर के बाद फेरी बोट अनियंत्रित होकर पलट गई। टक्कर मारने वाली स्पीड बोट नौसेना की बताई जा रही है। नेवी के प्रवक्ता ने कहा कि यह एक ट्रायल बोट थी, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया था।
The boat traveling from Mumbai's Gateway of India to Elephanta Caves is sinking in the water. Many passengers are on board, and people in nearby boats are attempting to rescue them. The cause of the accident is yet to be determined. pic.twitter.com/6zyQzYEij9
— Siddhant Anand (@JournoSiddhant) December 18, 2024
- बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) ने बताया कि हादसे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन लॉन्च किया। अब तक 101 लोगों की जान बचाई गई है। अस्पताल में भर्ती कई लोगों को हालत गंभीर है, जबकि कुछ अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। हादसे में 13 लोगों की जान चली गई।
ये भी पढ़ें... बाबा साहेब पर टिप्पणी को लेकर खड़गे बोले- PM मोदी और शाह गहरे दोस्त, एक-दूसरे के पाप छिपा रहे
नेवी, कोस्ट गार्ड भी रेस्क्यू में जुटीं
भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और मरीन पुलिस मिलकर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। नौसेना ने 11 बोट और मरीन पुलिस ने 3 बोट तैनात की हैं। कोस्ट गार्ड भी सक्रिय है। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में चार हेलीकॉप्टर भी लगाए गए। इसके अलावा स्थानीय पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण और मछुआरे भी खोज और बचाव कार्य में जुटे हैं।
समुद्र की गहराई में लापता लोगों की खोज
लापता यात्रियों की खोज के लिए समुद्र में गहराई तक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश भी दिए हैं। इस घटना ने मुंबई की समुद्री यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने जनता से संयम बनाए रखने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है।