Sagar News: मध्यप्रदेश। सागर जिले में घरेलू गैस की जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि, आठ दुकानों से प्रशासनिक टीम ने 17 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। कलेक्टर संदीप जीआर के सख्त निर्देशों के बाद खुरई में पुलिस, राजस्व और खाद्य की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग अवैध है इसी के चलते छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है कि, गुरुवार को एसडीएम के नेतृत्व में होटल, भोजनालय और अलग-अलग दुकानों पर औचक निरिक्षण किया गया। टीम ने पाया कि, घरेलू सिलेंडर का उपयोग होटल संस्थान द्वारा व्यावसायिक काम में किया जा रहा है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
छतरपुर में भी हुई थी कार्रवाई
छतरपुर में बुधवार देर रात एक रिटायर्ड टीचर के घर छापेमारी की गई थी।प्रशासनिक टीम को छापेमारी के दौरान दो दर्जन से ज्यादा घरेलू LPG सिलेंडर बरामद हुए। प्रशासन द्वारा छतरपुर की विश्वनाथ कॉलोनी में यह कार्रवाई की गई थी।
गैस सिलेंडरों की कमी की शिकायत
सिलेंडर एक रिटायर्ड टीचर के घर से बरामद किए गए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अलग-अलग हिस्सों से घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी की शिकायतें आ रही थीं। इसी दौरान प्रशासन को सूचना मिली कि विश्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले एक रिटायर्ड टीचर ने अपने घर में बड़ी संख्या में घरेलू LPG सिलेंडर जमा कर रखे हैं।










