हरियाणा के रोहतक में जिला विकास भवन में आयोजित जिला परिषद की बैठक गुरुवार को जंग के मैदान में तब्दील हो गई।हरियाणा के रोहतक में विकास कार्यों पर चर्चा के लिए बुलाई गई मीटिंग में लेडी चेयरमैन मंजू हुड्डा और एडीसी नरेंद्र कुमार की मौजूदगी में ही वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा और पार्षद धीरज मलिक के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ा कि वाइस चेयरमैन डंडा लेकर पार्षद के पीछे दौड़ पड़े और परिसर में ही उन पर वार किया।
विवाद की वजह: विकास कार्यों का हिसाब
बैठक की शुरुआत सामान्य हुई थी, लेकिन जैसे ही पार्षदों ने वार्डों में विकास कार्य न होने का मुद्दा उठाया, माहौल गरमा गया। वार्ड-13 के पार्षद सतीश ने बजट के सही इस्तेमाल पर सवाल उठाए। इसी बीच वार्ड-8 के पार्षद धीरज मलिक ने जब चेयरमैन और वाइस चेयरमैन से जवाब मांगा और कमेटी दोबारा बनाने की बात की, तो वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा भड़क गए।
गाली-गलौज से शुरू हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, बहस देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। वाइस चेयरमैन ने अपनी सीट से उठकर पार्षद धीरज का कॉलर पकड़ लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच हाथापाई होती रही।
डंडा लेकर पीछे दौड़े वाइस चेयरमैन
हंगामे के बाद जब पार्षद धीरज मलिक मीटिंग रूम से बाहर निकले, तो वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा हाथ में डंडा लेकर उनके पीछे दौड़े। परिषद कार्यालय के परिसर में ही उन्होंने पार्षद पर डंडे से वार किया और जान से मारने की धमकी दी। वहां मौजूद अन्य पार्षदों ने बड़ी मुश्किल से अनिल हुड्डा को रोका।
'बिकाऊ' कहने पर भड़के अन्य पार्षद
मारपीट के अलावा वाइस चेयरमैन ने मीटिंग में मौजूद पार्षदों पर 'बिकाऊ' होने का आरोप भी लगाया। इस टिप्पणी पर पार्षद जयदेव डागर सहित अन्य सदस्य उग्र हो गए और अपनी मर्यादा में रहने की चेतावनी दी। बैठक में काफी देर तक एक-दूसरे को 'देख लेने' की धमकियां चलती रहीं, जिसे बाद में एडीसी और चेयरमैन ने शांत कराया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









