Logo
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई और उनकी दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दतिया। जिले में बुधवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो वर्ष की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पचोखरा मोड़ के पास हुआ, जब रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उनकी जान चली गई। वहीं उनकी मासूम बेटी बुरी तरह घायल हो गई, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पत्नी-बेटी के साथ गांव लौट रहे थे भूपेंद्र 
मिली जानकारी के अनुसार पंडोखर थाना क्षेत्र के सदका गांव के भूपेंद्र परिहार अपनी पत्नी रोशनी और दो साल की बेटी के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे के आसपास जब वे इंदरगढ़ इलाके के पचोखरा मोड़ के पास पहुंचे, उसी समय सामने से तेज गति में आ रहे रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं उनके साथ बैठी दो साल की बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायल बच्ची को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। 

हादसे से इलाके में शोक का माहौल
पुलिस ने मृत दंपती के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग अवैध रेत परिवहन तथा तेज रफ्तार भारी वाहनों को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि चालक को जल्द पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दोषी टैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेत से लदा वाहन जल्द जाने के चक्कर में सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया। 

5379487