Logo
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया और पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया और पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी रतलाम में रही, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।

राजधानी भोपाल समेत कई बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ नजर आया। इंदौर में तापमान 38 डिग्री, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

गुना में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा दमोह, मंडला, उमरिया, सागर, खरगोन, खंडवा और श्योपुर में भी तापमान 37 डिग्री या उससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के दूसरे हफ्ते से ही प्रदेश में गर्मी के तेवर तेज हो गए हैं। सबसे ज्यादा गर्मी ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और इंदौर संभाग के जिलों में महसूस की जा रही है।

14 और 15 मार्च को बदल सकता है मौसम
तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसे लेकर विभाग ने दो दिन का अलर्ट भी जारी किया है।

गर्म हवाओं की वजह से बढ़ रही गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन दिनों प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी भी काफी कम है और यह हवाएं रेगिस्तानी इलाकों से होकर मध्य प्रदेश पहुंच रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

बदलते मौसम में बढ़ रही बीमारियां
डॉक्टरों का कहना है कि मार्च का यह बदलता मौसम बीमारियों को बढ़ाने वाला होता है। दिन में तेज गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड रहने से सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीज बढ़ सकते हैं। ऐसे में सुबह और देर रात की ठंडी हवा से बचने की सलाह दी जा रही है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

इस बार बदला मौसम का ट्रेंड
आमतौर पर मध्य प्रदेश में तेज गर्मी मार्च के दूसरे पखवाड़े से शुरू होती है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदलता दिख रहा है। पिछले कुछ वर्षों में 15 मार्च के बाद तापमान तेजी से बढ़ता था, जबकि इस बार मार्च की शुरुआत में ही पारे में तेज उछाल देखने को मिल रहा है।

5379487