खरगोन। महाकुंभ मेले के दौरान अपनी सादगी, मासूम मुस्कान और बेहद आकर्षक आंखों के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आई मोनालिसा भोसले एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई हैं। इस बार उनकी लोकप्रियता की वजह कोई वायरल तस्वीर नहीं, बल्कि उनकी शादी है। खबरों के अनुसार प्रदेश के महेश्वर क्षेत्र की रहने वाली मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान के साथ विवाह कर लिया है। उनके परिवार वाले इस विवाह के विरोध में थे, इस लिए उन्होंने यहां से बहुत दूर केरल के एक मंदिर में विवाह करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से सुरक्षा भी मांगी है। उनके विवाह की तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
महाकुंभ में माला बेचते बटोरी थी चर्चा
उल्लेखनीय है कि साल 2025 में आयोजित महाकुंभ के दौरान मोनालिसा माला बेचती थीं। किसी ने उनकी तस्वीरें और छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए तो उनकी सादगी भरी खूबसूरती और बड़ी-बड़ी आंखों ने लोगों का ध्यान खींच लिया। देखते ही देखते वह इंटरनेट पर वायरल हो गईं। कुछ ही दिनों में वे सोशल मीडिया की चर्चित हस्ती बन गईं और लाखों लोगों ने उनके बारे में जानना शुरू कर दिया। इसी दौरान उन्हे एक फिल्म में काम करने का मौका भी मिला। इसी लोकप्रियता के दौर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनकी पहचान फरमान खान नाम के युवक से हुई।
शादी को लेकर परिवार ने किया विरोध
बातचीत धीरे-धीरे बढ़ती गई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। समय के साथ यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। हालांकि, बताया जा रहा है कि जब उनके रिश्ते के बारे में परिवारों को जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। परिवार के विरोध और सामाजिक दबाव के कारण दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और घर से दूर जाने का निर्णय लिया। इसके बाद वे केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने स्थानीय पुलिस से सुरक्षा की मांग की, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी शादी कर सकें। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया।
सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
शादी के बाद मोनालिसा और फरमान की तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। कई लोग उनके साहस और अपने फैसले पर अडिग रहने की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस घटना पर अलग दृष्टिकोण भी व्यक्त कर रहे हैं। कुल मिलाकर, महाकुंभ मेले से अचानक चर्चा में आई मोनालिसा एक बार फिर सोशल मीडिया की सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार उनकी पहचान एक वायरल चेहरे से आगे बढ़कर एक नई जिंदगी की शुरुआत से जुड़ गई है।









