Latest MP News 12 November 2024: शिवराज-वीडी और भूपेंद्र को मानहानि मामले में नोटिस; गुना में गोली चली, किशोरी घायल

Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
शिवराज, वीडी और भूपेंद्र को मानहानि मामले में नोटिस
कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा की मानहानि मामले में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षकारों को नोटिस जारी कर 4 हफ्तों में जवाब मांगा है। कहा, बेलेबल वारंट की ज़रूरत नहीं है, लेकिन तीनों नेता वकीलों के साथ ट्रायल कोर्ट में पेश हों।
गुना में गोली चली, किशोरी घायल
गुना में जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग हुई है। गोली लगने से एक नाबालिग लड़की घायल हो गई। उसे इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस ने भगवान सिंह, जमनालाल, नारायण, प्रहलाद गुर्जर सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना कुंभराज इलाके के बदरुआ गांव की है।
अहम प्रस्तावों पर मोहन कैबिनेट की बैठक
मध्य प्रदेश में आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी। इस बैठक में कई अहम प्रस्ताव रखे जाएंगे और विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक सुबह 11 बजे मंत्रालय में शुरू होगी, जिसमें सीएम डॉ मोहन यादव 10:30 बजे पहुंचेंगे।
उज्जैन में कालिदास समारोह में होंगे सीएम
शामिल कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव दोपहर 1:30 बजे भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। उज्जैन में वे अखिल भारतीय कालिदास समारोह में शिरकत करेंगे, जहां उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल होंगे। सीएम डॉ मोहन यादव का शाम 5:30 बजे उज्जैन से भोपाल लौटने का कार्यक्रम है।
26 IAS अफसरों के ट्रांसफर
मध्य प्रदेश में सोमवार(11 नवंबर) देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। मोहन सरकार ने ने 26 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर कर दिए हैं। नीरज मंडलोई को ऊर्जा एवं पावर मैनेजमेंट का जिम्मा मिला है। मनु श्रीवास्तव को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। संजय कुमार शुक्ला नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव बनाए गए हैं। राघवेंद्र सिंह को उद्योग विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना @JansamparkMP pic.twitter.com/lYuYj7OHmv
— GAD, MP (@GADdeptmp) November 11, 2024
विजयपुर में वोटिंग से पहले फायरिंग
विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले फायरिंग हुई। सोमवार(11 नवंबर) देर रात बाइक से आए 9 बदमाशों ने आदिवासी लोगों को धमकाया। फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में रेफर किया है। गांव वालों ने एक आरोपी को बंदूक के साथ पकड़ लिया। उसे पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना ढोढर थाना क्षेत्र के धनाचया गांव की है।
बुधनी-विजयपुर में रवाना होंगे मतदान दल, वोटिंग कल
MP की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए सोमवार शाम को प्रचार थम गया। दोनों ही सीटों पर बुधवार को वोट डलेंगे। इसके लिए मतदान दल मंगलवार को रवाना हो जाएंगे। प्रशासन ने दोनों ही सीट पर चाक-चौबंध तैयारियां की है। बुधनी की तुलना में विजयपुर में ज्यादा संवेदनशील बूथ है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। दोनों सीटों पर पड़ने वाले वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। दोनों सीटों पर कुल 31 प्रत्याशी मैदान में है। बुधनी में 20 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
उपराष्ट्रपति धनखड़ उज्जैन में कालिदास समारोह का करेंगे शुभारंभ
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मंगलवार को उज्जैन में आयोजित हो रहे 66वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। समारोह का शुभारंभ शाम 4 बजे और सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 7 बजे से प्रस्तुत किए जायेंगे। 13 नवम्बर को सुबह 10 बजे महाकवि कालिदास के साहित्य में पंच महाभूत विमर्श पर आधारित राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का प्रथम सत्र होगा। 14 नवम्बर को शोध संगोष्ठी का द्वितीय सत्र, व्याख्यान माला कुटुम्ब व्यवस्था, हिन्दी नाटक वसन्त सेना का प्रस्तुतीकरण होगा। 17 नवम्बर को अन्तर महाविद्यालयीन कालिदास काव्य पाठ, अन्तर महाविद्यालयीन हिन्दी वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। 18 नवम्बर को समारोह का समापन होगा।
सीईओ, एसडीएम समेत 12 अफसरों पर 35 हजार का जुर्माना
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण न करना अफसरों को भारी पड़ गया। शाजापुर कलेक्टर ने सीईओ, एसडीएम समेत 12 अफसरों पर 35 हजार का जुर्माना ठोका है। अधिकारियों ने लापरवाही बरतते हुए 70 शिकायतों को अटेंड नहीं किया। कलेक्टर ने शिकायतों की समीक्षा की तो मामले सामने आया। इसके बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ संतोष कुमार टैगोर, एसडीएम मनीषा वास्कले और डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलधर सहित 12 अफसरों पर जुर्माना लगाया है।
