भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने जन्मदिन के मौके पर सागर जिले के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व का दौरा करेंगे। इस दौरान उनका फोकस नौरादेही अभयारण्य में चल रहे चीता प्रोजेक्ट पर रहेगा। मुख्यमंत्री यहां चीतों के लिए बनाए जाने वाले बाड़ों का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही बाम्बेर नदी में 13 कछुओं को छोड़ने का कार्यक्रम भी तय है। वन विभाग ने इस दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पहले दो बार टल चुका है यह दौरा
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम पहले भी दो बार तय किया गया था। हालांकि विभिन्न कारणों से दोनों बार इसे स्थगित करना पड़ा था।
अब इस दौरे को अंतिम रूप दे दिया गया है और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। नौरादेही क्षेत्र को चीता पुनर्वास के लिए विकसित किया जा रहा है।
इसे प्रदेश में चीतों के तीसरे बड़े आवास के रूप में तैयार किया जा रहा है।
चीतों के लिए तैयार हो रहा नया ठिकाना
आने वाले महीनों में इस क्षेत्र में चीतों को छोड़े जाने की संभावना है। यह प्रोजेक्ट राज्य में वन्यजीव संरक्षण के बड़े प्रयासों का हिस्सा है। इससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने कई संरक्षण पहल की हैं। उन्होंने वन विहार नेशनल पार्क और चंबल नदी में कछुओं का रिवर रिलीज किया था।
आज काफी व्यस्त रहेगा उनका कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का जन्मदिन कार्यक्रम भी काफी व्यस्त रहने वाला है। सुबह 9:45 बजे वे अपने निवास पर दिव्यांग बच्चों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 10 बजे से 10:30 बजे तक महिला कार्यकर्ता और लाड़ली बहना योजना की हितग्राही उनका सम्मान करेंगी। इसके बाद वे 11:30 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जनसंपर्क और संवाद का भी कार्यक्रम रहेगा।
शाम को उज्जैन में मनाएंगे जन्मदिन
सागर दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री शाम को उज्जैन जाएंगे। यहां वे अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन मनाएंगे। संभावना है कि वे सागर रवाना होने से पहले भाजपा कार्यालय भी जाएंगे। जहां पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। कुल मिलाकर यह दौरा पर्यटन विकास और जनसंपर्क दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।







