मध्य प्रदेश के डिंडोरी में पलटा पिकअप: 14 लोगों की मौत, 21 घायल, गोदभराई से लौट रहे थे सभी, 4-4 लाख मुआवजे का किया ऐलान

Dindori Road Accident
X
Dindori Road Accident
Dindori Road Accident: जानकारी के अनुसार, लोग एक गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

Dindori Road Accident: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में भीषण हादसा हुआ है। शाहपुर पुलिस थाना क्षेत्र में ड्राइवर के नियंत्रण खो देने के बाद एक पिकअप पलट गया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, लोग एक गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 45 लोग सवार थे। घटना शाहपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुई। मृतकों में 6 पुलिस और 8 महिलाएं शामिल हैं।

मसूर घुघरी गांव से लौट रहे थे सभी
ग्रामीण अमाही देवरी गांव से मंडला जिले के मसूर घुघरी गांव गोदभराई कार्यक्रम के लिए गए थे। लौटते समय उनका पिकअप अनियंत्रित होकर पलटा और 20 फीट नीचे खेत में जा गिरा। सूचना पाकर डिंडोरी के कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल और एडिशनल पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम मौके पर शाहपुरा अस्पताल पहुंचे।

अफसरों ने घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। उधर, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी घटना की जानकारी अफसरों से ली है।

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी जिले में वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार के सदस्यों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके डिंडोरी पहुंच रही हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story