इंदर कोटवानी- तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा में मंगलवार की रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
घर लौटते वक्त ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड 15 निवासी परमेश्वरी मानिक पूरी अपने बेटे और बेटी के साथ नेवरा स्थित चॉइस सेंटर में आधार कार्ड के नवीनीकरण के लिए गई थीं। काम पूरा होने के बाद वह अपने बेटे के साथ पल्सर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान अग्रसेन चौक और गुरु घासीदास चौक के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक ने की भागने की कोशिश
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े, लेकिन महिला ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
चालक को गिरफ्तार और ट्रेलर जब्त कर जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रेलर जब्त कर लिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









