haribhoomi hindi news
Delhi Acid Attack Case: दिल्ली के गोकुलपुरी में एक महिला ने अपनी सहेली के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Delhi Acid Attack Case: उत्तर-पूर्वी  दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके से एसिड अटैक का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने दुल्हन के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया है। पीड़िता की 19 अप्रैल को शादी होने वाली थी, लेकिन इस घटना से घर माहौल गमगीन हो गया है।

हालांकि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।   

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता की पहचान 22 साल की शबनम के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी महिला का नाम गुलिस्ता बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शबनम के घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। शबनम और गुलिस्ता दोनों सहेलियां हैं।

मेहंदी लगाने के बहाने आई थी घर

पुलिस का कहना है कि आरोपी गुलिस्ता मेहंदी लगाने के बहाने शबनम के घर आई थी, लेकिन अचानक से गुलिस्ता ने शबनम के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया और मौके से तुरंत फरार हो गई। इसके बाद परिजन तुरंत शबनम को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सहेली पर क्यों फेंका तेजाब ?

पुलिस का कहना है कि शबनम की जिस लड़के से शादी होने वाली थी, गुलिस्ता भी उस लड़के को पसंद करती थी, ऐसे में इस शादी से गुलिस्ता काफी नाराज और उसने इस रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुलिस्ता को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पीड़िता के परिजन ने बताया कि गुलिस्ता उनके पड़ोस में रहती है, अक्सर उनके घर आया जाया करती थी।

परिजन ने की न्याय की मांग

गुलिस्ता की बहन का भी शबनम के घर आना-जाना लगा रहता था। ऐसे में परिजन को गुलिस्ता पर शक नहीं हुआ, कि वो कुछ ऐसा कर देगी। परिजन ने आगे कहा कि उनकी बेटी 19 अप्रैल को शादी होने वाली थी, अभी नौकरी के लिए भी उसने पेपर दिए हुए हैं, लेकिन इस घटना ने पूरा माहौल गमगीन कर दिया है। परिजन ने आरोपी महिला के खिलाफ  सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

7