रायगढ़-सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित सिंघीतराई में संचालित वेदांता थर्मल पॉवर प्लांट में बॉयलर का ट्यूब फटने से हुए ब्लास्ट में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
दोपहर करीब 2 बजे प्लांट में रोज की तरह सामान्य काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर का ट्यूब फट गया और जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट परिसर में धुआं भर गया और वहां मौजूद श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
सक्ती जिले के वेदांता थर्मल पॉवर प्लांट में बॉयलर के ट्यूब फटने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई है और 8 गंभीर रूप से झुलस गए हैं। pic.twitter.com/4bJza3beGY
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 14, 2026
मौतों और घायलों की स्थिति
हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 5 शव, जिला अस्पताल में 5 शव, वेदांता प्लांट परिसर से 4 शव और रायपुर के कालड़ा अस्पताल में 2 लोगों की मौत दर्ज की गई है। कुल 34 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 18 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुआवजा और राहत की घोषणा
हादसे के बाद कंपनी और प्रशासन ने राहत पैकेज की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की बात कही गई है। वहीं घायलों को 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इन घोषणाओं की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।
राष्ट्रपति का शोक संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर अत्यंत दुःख हुआ है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 14, 2026
प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया और सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है तथा घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
राज्य सरकार का रुख और निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के निःशुल्क और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 14, 2026
राज्य सरकार द्वारा मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹5 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को ₹50 हजार की…
जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रही है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)








