haribhoomi hindi news
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दसवीं-बारहवीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया

रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दसवीं-बारहवीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया है। अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, माशिम 30 अप्रैल के पूर्व परीक्षा परिणामों की घोषणा कर सकता है। माशिम 10वीं-12वीं की परीक्षाएं बीते शैक्षणिक सत्र से वर्ष में दो बार आयोजित कर रहा है। 

द्वितीय परीक्षाएं नवीन सत्र के दाखिले समाप्त होने के पूर्व आयोजित की जा सके, इसलिए प्रथम परीक्षाएं शीघ्रतापूर्वक संपन्न कराई जा रही हैं। माशिम ने इस वर्ष परीक्षाओं की शुरुआत भी मार्च के स्थान पर फरवरी माह से की थी। 10वीं की परीक्षा में 3.21 लाख तथा 12वीं की परीक्षा में 2.45 लाख छात्र शामिल हुए थे।

पर्चा लीक होने के कारण दोबारा हुई थी परीक्षा
14 मार्च को आयोजित बारहवीं कक्षा का हिंदी विषय का पर्चा लीक होने के कारण माशिम को इसका आयोजन 10 अप्रैल को पुनः करना पड़ा। इसका प्रभाव मूल्यांकन कार्य पर पड़ा। दसवीं कक्षा का मूल्यांकन बारहवीं के पूर्व संपन्न कर लिया गया तथा इसके परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके उलट बारहवीं कक्षा का मूल्यांकन एक दिन पूर्व ही पूरा किया गया है। अब इसके भी परिणाम तैयार किए जाएंगे। दसवीं के परिणाम मौजूदा माह में घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि बारहवीं के नतीजों में अपेक्षाकृत विलंब संभावित है।

5वीं-8वीं का मूल्यांकन भी अंतिम चरण में
शासकीय विद्यालयों सहित निजी स्कूलों की परीक्षाएं भी वर्तमान सत्र में केंद्रीकृत स्तर पर हुई हैं। पर्चा होने के तत्काल बाद शिक्षकों को निर्देश दिए गए थे कि वे छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करें। अधिकतर स्कूलों में मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब अंकसूची तैयार करने की प्रक्रिया को अंतिम चरण में है। इनके परिणाम भी अप्रैल अंत तक जारी कर दिए जाएंगे। ऐसे विद्यार्थी जो परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो जाते हैं, उनके लिए पुनः परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।  

सीबीएसई परिणाम 15 से 20 अप्रैल के मध्य
इधर, सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा के छात्रों का भी इंतजार अब खत्म होने के करीब है। बोर्ड 10वीं के परीक्षा परिणाम 15 से 20 अप्रैल के बीच घोषित कर सकता है। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर दिए गए अपडेट के अनुसार, सीबीएसई 10वीं के नतीजे जल्द ही उपलब्ध कराए जा सकते हैं। जिन छात्रों की अपार आईडी पहले से सीबीएसई रिकॉर्ड्स से लिंक है, वे अपना रिजल्ट सीधे डिजिलॉकर में देख पाएंगे। इसके लिए उन्हें अपने आधार नंबर की मदद से लॉग इन करना होगा। अगर किसी छात्र के पास अपार आईडी नहीं है, तो उन्हें पहले डिजिलॉकर पर अपना अकाउंट बनाना अनिवार्य होगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7