haribhoomi hindi news
MPPSC 2026 प्रीलिम्स परीक्षा में बड़े बदलाव, 90 मिनट पहले रिपोर्टिंग, थ्री लेयर सिक्योरिटी और नेगेटिव मार्किंग लागू, जानें पूरी गाइडलाइन।

मध्यप्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (MPPSC) की 2026 प्रीलिम्स परीक्षा में इस बार कई बड़े बदलाव किए गए हैं। ये नए नियम और बदलाव, अभ्यर्थियों के लिए जानना बेहद जरुरी है। परीक्षा में पहली बार नेगेटिव मार्किंग लागू की जा रही है। एग्जाम सेंटर पर रिपोर्टिंग का समय भी बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही थ्री लेयर सिक्योरिटी चेकिंग जैसे सख्त नियम लागू किए गए हैं।

ऐसे में अगर आप MPPSC 2026 की प्रीलिम्स परीक्षा देने जा रहे हैं, तो इन नए नियमों, टाइमिंग और गाइडलाइंस को पहले से समझना बेहद जरूरी है, ताकि एग्जाम डे पर किसी भी परेशानी से बचा जा सके।

थ्री लेयर सिक्योरिटी चेकिंग क्या है?
एमपीपीएससी प्रीलिम्स 2026 परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को थ्री लेयर सिक्योरिटी से गुजरना होगा। हर उम्मीदवार की चेकिंग में 5 से 7 मिनट लग सकते हैं। इसके लिए परीक्षा केंद्र पर एग्जाम से 90 मिनट पहले आना होगा। पहले अभ्यर्थियों को 45 मिनट पहले आना होता था। ध्यान देने वाली बात यह है कि, परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही सभी केंद्रों पर गेट बंद कर दिए जाएंगे। तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं दी जाएगी।

सिक्योरिटी चेकिंग के तीन चरण

  • पहली लेयर में क्यूआर कोड स्कैनिंग शामिल है। हर परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड पर एक क्यूआर कोड होता है। जिसमें अभ्यर्थी की पूरी जानकारी होती है। इसे स्कैन करते ही पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
  • दूसरी लेयर में बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन शामिल है। सबसे पहले अभ्यर्थी की आंखें स्कैन की जाएगी। इसके बाद फिंगरप्रिंट और फिर फेस रिकग्निशन के बाद डिजिटल साइन लिए जाएंगे।
  • सबसे आखिरी में मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और मैन्यूअल तलाशी भी ली जाएगी। किसी भी तरह के गैजेट को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। 

बता दें कि, MPPSC परीक्षा के लिए 155 और राज्य वन सेवा के लिए 36 पद हैं। आवेदन प्रक्रिया में 1 लाख 35 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। 16 अप्रैल को एडमिट कार्ड जारी हुआ। अप्रैल 26 को मध्यप्रदेश के 54 जिले में परीक्षा आयोजित की जाएगी।

दो चरणों में होगी परीक्षा
MPPSC परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर- सामान्य अध्ययन सुबह दस से बारह बजे तक होगा। दूसरा पेपर-सामान्य अभिरुचि दोपहर 2:15 से शाम 4:15 बजे तक होगा। 

MPPSC में नेगेटिव मार्किंग का सिस्टम
एमपीपीएससी प्रीलिम्स 2026 परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का सिस्टम भी लागू है। हर गलत जवाब पर 1/3 अंक काटे जाएंगे। इसका मतलब है कि, अगर आपने तीन जवाब गलत दिए तो आपके एक सही जवाब का नंबर काट दिया जाएगा।

अब इन बदलावों से होने वाले लाभ भी जान लीजिए
थ्री लेयर सिक्योरिटी होने से परीक्षा केंद्रों पर वही अभ्यर्थी की एंट्री होगी जिन्होंने फॉर्म भरा है। इससे धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। नेगेटिव मार्किंग से नॉन सीरियस अभ्यर्थी कॉम्पिटिशन से बाहर हो जाएंगे। लंबे समय से इन बदलावों की मांग की जा रही थी।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7