Logo
इंदौर अग्निकांड के बाद सीएम मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया।

इंदौर। सीएम डॉ. मोहन यादव गुरुवार को जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभागृह पहुंचे पहुंचे और अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए हादसे में मौत का शिकार हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्ति की। उन्होंने कहा ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सरकार गंभीरता से कदम उठाएगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने इस हादसे का वीडियो देखा है और इस घटना से काफी व्यथित हैं। 

परिजनों ने की शिकायत-देर से पहुंची दमकल
इस दौरान पीड़ित परिवारों ने उनके साथ अपनी पीड़ा साझा की। सीएम डॉ यादव ने परिजनों को आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। एक मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की देरी हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए। उन्होंने कहा यदि दमकल समय पर पहुंचती और राहत कार्य समय पर शुरू होता, तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। 

इस घटना से सबक लेने की जरूरत
सीएम यादव ने कहा इस घटना से सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आग जैसी घटनाओं से निपटने की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाना जरूरी है। इस घटना में इलेक्ट्रिक सिस्टम की वजह से नुकसान बहुत बढ़ गया। उन्होंने कहा कि ईवी चार्जिंग और घरों में लगने वाले इलेक्ट्रॉनिक लॉक को सुरक्षित बनाने पर काम किए जाने की जरूरत है, ताकि किसी गड़बड़ी की स्थिति में लोग आसानी से बाहर निकल सकें। उन्होंने कहा कि इस दिशा में ठोक कदम उठाए जाएंगे।

इस हादसे में 8 लोगों की हुई थी मौत
इस हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित कुल 8 लोगों की मौत हुई है, जिससे पूरे शहर में शोक का माहौल है। मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल थे, जिससे इस घटना की पीड़ा और गहरी हो गई। हालांकि, कुछ लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई। घटना के बाद कई मंत्री और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिले और सरकार की ओर से हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया। सीएम डॉ यादव ने लोगों के बीच पहुंचकर आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

7