संतोष कश्यप- अंबिकापुर। अंबिकापुर में नकली सोने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगुजा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गुजरात और प्रयागराज से गिरफ्तार कर करीब 37 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा पुलिस ने ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जिन्होंने अंबिकापुर में एक परिवार को शादी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया था।
अंबिकापुर में नकली सोने के जरिए 37 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़। पुलिस ने गुजरात और प्रयागराज से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और सोना बरामद किया। @SurgujaDist #Chhattisgarh @Surguja_police #Fraud pic.twitter.com/39Vw22Eps3
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 19, 2026
पुराने परिचय का फायदा उठाकर ठगी
आरोपियों ने पीड़ित परिवार से 15 लाख रुपये नगद और करीब 200 ग्राम सोने के जेवर ठग लिए थे। इसके बदले उन्होंने 40 लाख रुपये कीमत का बताकर नकली सोना थमा दिया और फरार हो गए। मामले की शिकायत 8 मार्च को थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने बताया कि, मंजू नाम की महिला, जो वर्षों से उनके घर घी बेचने आती थी, पुराने परिचय का फायदा उठाकर नकली सोने का बिस्किट दिखाकर भरोसा जीत लिया और ठगी को अंजाम दिया।
गुजरात से एक महिला और एक पुरुष गिरफ्तार
डीआईजी और एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद गुजरात से मंजू राठौर और संतोष राठौर को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 7 लाख 78 हजार रुपये नगद और 50 ग्राम सोना बरामद हुआ।
प्रयागराज से दो महिला गिरफ्तार
वहीं प्रयागराज से सुनीता गुजराती और कमला गुजराती को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 12 लाख 53 हजार रुपये नगद और 50 ग्राम सोना जब्त किया गया है। कुल मिलाकर आरोपियों के पास से 20 लाख 31 हजार रुपये नगद, सोने के आभूषण और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अंबिकापुर में नकली सोने के जरिए 37 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़। पुलिस ने गुजरात और प्रयागराज से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और सोना बरामद किया। @SurgujaDist #Chhattisgarh #Fraud pic.twitter.com/QuZpmACAUf
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 19, 2026
ठगी का कुछ सोना प्रयागराज के एक सोनार को बेचा
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। साथ ही खुलासा हुआ है कि ठगी का कुछ सोना प्रयागराज के एक सोनार को बेचा गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।









