Bhopal News: भोपाल। असलम कुरैशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल और हिन्दू संगठन के लोगों ने गुरुवार दोपहर जमकर प्रदर्शन किया। राजधानी भोपाल में प्रदर्शनकारियों ने न केवल नगर निगम बल्कि पुलिस - प्रशासन की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली। इन लोगों ने प्रशासन का पुतला भी जला दिया। असलम कुरैशी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि, सख्त एक्शन नहीं हुआ और तो और भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि, प्रदर्शन पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर हुआ। ऐहतियात के तौर पर पुलिस भी मौके पर तैनात थी। प्रदर्शनकारियों ने गौमांस प्रकरण में असलम की जमानत पर कड़ी आपत्ति जताई है। इन लोगों कहना है कि, अब तक यही पता नहीं लग पाया है कि, इतनी बड़ी मात्रा में गोमांस कहां से आया और कौन इसके लिए जिम्मेदार है।
रासुका पेश करने की तैयारी में पुलिस
बता दें कि, भोपाल के गोमांस मामले में बुधवार रात असलम कुरैशी को जेल से रिहा किया गया था लेकिन जेल से छूटते ही उसे पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई धारा 151 के तहत जोन-4 की थाना पुलिस ने की। सूत्रों के अनुसार पुलिस असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा के खिलाफ रासुका पेश करने की तैयारी में है।
बुधवार रात रिहा हुआ था असलम
भोपाल सेन्ट्रल जेल से असलम की रिहाई बुधवार रात 10 बजे हुई। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने दोबारा उसे गिरफ्तार कर लिया। लाल रंग की कार से पहले असलम को बाहर लाया गया इसके बाद गाड़ी सीहोर रोड पर चली गई। देर रात थाने लाकर पुलिस टीम ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।
35 हजार रुपए के बांड पर मिली थी जमानत
असलम कुरैशी के वकील का कहना था कि, डॉक्टर के परिक्षण के बाद किसी जानवर को स्लॉटर हाउस में लाया जाता है। डॉक्टर जानवर का फिजिकल वेरिफिकेशन भी करता है। मामले में पक्षकार भानू सिंह ने सेशन कोर्ट के फैसले पर आपत्ति जताई थी। हालांकि सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने 35 हजार रुपए के बांड पर जमानत देने का आदेश दिया था।










