भोपाल। रतलाम के मशहूर रतलामी नमकीन को देश-विदेश में पहचान दिलाने के लिए 22 मार्च को एक विशेष समिट आयोजित जाएगा। यह आयोजन ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका मकसद जिले के पारंपरिक और विशेष उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ स्थानीय कारोबारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे MSME मंत्री
इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप द्वारा किया जाएगा। इस समिट के जरिए रतलाम के छोटे और मध्यम उद्योगों, विशेष रूप से खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को एक बड़ा मंच मिलेगा। यहां उन्हें अपनी उत्पाद गुणवत्ता सुधारने, ब्रांडिंग करने और मार्केटिंग के नए तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उत्पादकों को बड़े ब्रॉन्ड्स से जोड़ेगा समिट
यह आयोजन स्थानीय उत्पादकों को बड़े ब्रांड्स और संगठित बाजारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे उनकी आय और पहचान दोनों बढ़ेगी। कार्यक्रम में बताया जाएगा कि किस तरह स्थानीय उद्योग बड़े नामों के साथ साझेदारी कर सकते हैं। हल्दीराम और आकाश नमकीन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ काम करने के अवसरों पर चर्चा होगी। आधुनिक रिटेल चेन जैसे डीमार्ट और रिलायंस रिटेल के माध्यम से उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के तरीके भी बताए जाएंगे।
ऑनलाइन विस्तार पर की जाएगी चर्चा
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विस्तार के विकल्पों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। फ्लिपकार्ट और अमेजॉन जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए उत्पादों की बिक्री कैसे बढ़ाई जा सकती है, इस पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस समिट में पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, लॉजिस्टिक्स, ब्रांड निर्माण और कानूनी पहलुओं से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो व्यावहारिक जानकारी प्रदान करेंगे।
इससे रतलाम को मिलेगी बड़ी पहचान
सरकारी योजनाओं और स्टार्ट-अप नीतियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। ताकि स्थानीय उद्यमी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें। कुल मिलाकर, यह आयोजन रतलामी नमकीन उद्योग को एक नई दिशा देने का प्रयास है। इससे न केवल स्थानीय व्यवसाय मजबूत होंगे, बल्कि रतलाम की पारंपरिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।










