Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित चकौटी गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां एक महिला का अपने ही देवर के साथ प्रेम प्रसंग इस कदर परवान चढ़ा कि पति ने खुद बड़ा दिल दिखाते हुए दोनों की शादी करा दी। हालांकि, इस 'अनोखी शादी' का अंत सुखद नहीं रहा और गांव में जमकर मारपीट और खून-खराबा हुआ।
पति ने दिखाया 'बड़ा दिल', बच्चों को रखा अपने पास
जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार की शादी साल 2018 में खुशबू से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से खुशबू का प्रेम प्रसंग अपने देवर मनीष के साथ शुरू हो गया। जब यह बात सार्वजनिक हुई, तो राजेश ने विरोध करने या हंगामा करने के बजाय अपनी पत्नी की खुशी को प्राथमिकता दी। राजेश ने एक शर्त रखी कि दोनों बच्चे उसके पास रहेंगे और खुशबू अपने प्रेमी (देवर) मनीष के साथ रह सकती है।
भरी पंचायत में भरा गया सिंदूर
गांव के रसूखदार लोगों और पूर्व सरपंच की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। आपसी सहमति के बाद मनीष ने भरी पंचायत में खुशबू की मांग में सिंदूर भरा और उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। पंचायत के इस फैसले के बाद नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा के लिहाज से गांव से बाहर भेज दिया गया।
शादी के बाद 'खूनी संघर्ष', 5 लोग घायल
जैसे ही शादी की रस्म पूरी हुई, परिवार के कुछ पड़ोसियों और गोतिया (रिश्तेदारों) ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे निकल आए। विरोध कर रहे पक्ष ने मनीष के घर पर हमला कर दिया, जिसमें मनीष की मां रासो देवी सहित परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें शादी और उसके बाद हुई मारपीट की जानकारी मिली है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही पीड़ितों की ओर से लिखित शिकायत मिलेगी, हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










