Logo
election banner
यह घटना धमीजा कॉलोनी में आज सुबह नौ बजे की है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, उस पर कई केस दर्ज हैं।

पानीपत में आज सुबह एक शख्स ने ई रिक्शा चालक पर गोलियां दाग दीं। पेट और छाती पर गोली लगने से रिक्शा पर सवार शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। लोगों ने उसे दबोचकर जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को लोगों के चंगुल से छुड़वाया। इसके बाद घायल रिक्शा सवार और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। चौंकाने वाली बात यह है कि एक छोटी से बात पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

यह घटना धमीजा कॉलोनी में आज सुबह नौ बजे की है। एक दिव्यांग शख्स रिक्शा चालक के पास गया और उससे अपने गांव उग्राखेड़ी जाने की बात कही। रिक्शा चालक ने गांव के दूर होने की बात कहकर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उसे गांव छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन रिक्शा चालक ने फिर से मना कर दिया। इससे गुस्साए बदमाश ने उस पर गोलियां बरसा दीं। 

आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर

पुलिस का कहना है कि आरोपी का नाम निकास मलिक उर्फ मूसा एक हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जाट आरक्षण में वाहन जलाने समेत कई आपराधिक केस दर्ज हैं। जांच में पता चला है कि दीनानाथ कॉलोनी निवासी विनोद गली के ही रहने वाले राकेश की ई रिक्शा पर बैठकर अपने गोदाम की ओर जा रहे थे। रास्ते में निकास मलिक उन्हें मिला और उग्राखेड़ी जाने को कहा।

राकेश ने बताया कि ई रिक्शा इतनी दूर नहीं जा पाएगी। इसके बाद उसने पिस्तौल दिखाकर धमकी दी, लेकिन रिक्शा चालक नहीं माना। वो रिक्शा लेकर आगे बढ़ गया। तैश में आए निकास मलिक ने उनका पीछा किया और रिक्शा चालक पर फायरिंग कर दी। गोली विनोद की छाती के आरपार निकल गई। भीड़ की पिटाई से निकास भी घायल हुआ है। दोनों का इलाज जारी है। 

गोली चलने की आवाज सुनते ही हड़कंप मचा

गोली चलने की आवाज सुनकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने देखा कि आरोपी हाथ में पिस्तौल लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद भीड़ ने उसे दबोचकर पीटना शुरू कर दिया। साथ ही, किसी ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से उसे भीड़ के चंगुल से छुड़वाया। इसके बाद पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत गंभीर बनी है। 

पानीपत में मामा ने की भांजे की हत्या

उधर, पानीपत के खोतापुर गांव में एक शख्स का शव बरामद हुआ। आरोप है कि 33 वर्षीय प्रकाश कुमार की हत्या उसके मामा पुरुषोत्तम ने की है। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद की है। आरोपी मामा फरार चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी गई है। प्रथम दृष्टया हत्या की वजह चौंकाने वाली है। यहां पढ़िये विस्तृत खबर...

5379487