राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर क्रॉस वोटिंग करने के आरोपों में घिरे कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की है। चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार रात हुई इस गुप्त मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
कारण बताओ नोटिस के बीच 'खास' मुलाकात
पुन्हाना (नूंह) से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास को कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के शक में पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया हुआ है। पार्टी ने उनसे 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस की मियाद पूरी होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री से उनकी इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से 'बगावत' के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
चर्चा में 'व्हीलचेयर' और 'कद'
इस मुलाकात की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें सबसे ज्यादा चर्चा विधायक की सेहत को लेकर हो रही है। बता दें कि राज्यसभा चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए मोहम्मद इलियास व्हीलचेयर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे थे। लेकिन मुख्यमंत्री आवास पर वायरल हुई तस्वीरों में वह बिना किसी सहारे के खड़े होकर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। इस बदलाव को लेकर विपक्ष और सोशल मीडिया पर कई तरह के तंज कसे जा रहे हैं।
सुरक्षा बढ़ाने पर हुई चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में इलियास ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। हाल ही में क्रॉस वोटिंग करने वाले एक अन्य विधायक मोहम्मद इजराइल की सुरक्षा सरकार ने बढ़ाई है, जिसके बाद इलियास ने भी अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मेवात आने का न्योता
विधायक इलियास ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से मेवात (नूंह) क्षेत्र का दौरा करने का न्योता भी दिया है। सियासी जानकारों का मानना है कि इलियास का यह कदम कांग्रेस से उनकी दूरी और सत्तापक्ष से नजदीकी का स्पष्ट संदेश है। क्या इलियास जल्द ही 'हाथ' का साथ छोड़ 'कमल' थामेंगे? यह आने वाले कुछ दिन साफ कर देंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










