हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है।अपने इकलौते बेटे को सुनहरे भविष्य के लिए ऑस्ट्रेलिया भेजने का सपना देख रही एक माँ को वीजा एजेंटों की धोखाधड़ी और धमकियों ने आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। अधोया गांव की 44 वर्षीय मलकीत कौर ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
क्या था पूरा मामला
मृतका के पति बलविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वे अपने बेटे जश्नप्रीत को ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने चंडीगढ़ स्थित 'न्यू बॉस इंटरनेशनल' के एजेंटों—काजोल, इसीता और अमन से संपर्क किया था। एजेंटों ने 25 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से परिवार ने 20 लाख रुपये (18 लाख नकद और 2 लाख ऑनलाइन) एडवांस दे दिए थे।
जान से मारने की दी गई धमकियाँ
पैसे लेने के बाद एजेंटों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। न तो वीजा लगवाया गया और न ही पैसे व दस्तावेज वापस किए गए। जब मलकीत कौर ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 21 मार्च को बातचीत के बाद अगले दिन उन्होंने जहर निगल लिया और 24 मार्च को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
थाना सदर पिहोवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एजेंटों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










