हरियाणा के रोहतक में रसोई गैस की भारी किल्लत और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी और महिला विंग के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
चूल्हे पर रोटी बनाकर जताया विरोध
प्रदर्शन का सबसे अनूठा नजारा अंबेडकर चौक पर देखने को मिला, जहां महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी ने बीच सड़क पर मिट्टी का चूल्हा जलाकर रोटियां सेंकी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गैस के दाम इतने बढ़ा दिए हैं कि अब मध्यम और गरीब वर्ग के लिए सिलेंडर भरवाना नामुमकिन हो गया है। महिलाओं को एक बार फिर धुएं और चूल्हे के दौर में धकेल दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से मांगा इस्तीफा
पर्ल चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी को आम जनता की तकलीफों का एहसास नहीं है। उन्होंने मांग की कि गैस की किल्लत और महंगाई को नियंत्रित न कर पाने के कारण केंद्रीय मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
विधायक बीबी बतरा बोले- सरकार की नीतियां जिम्मेदार
मौके पर मौजूद रोहतक के विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि आज प्रदेश का आम आदमी गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगने को मजबूर है। उन्होंने सरकार पर कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और प्रशासन से मांग की कि गैस एजेंसियों पर सख्त निगरानी रखी जाए। विधायक बतरा ने गैस आपूर्ति को लेकर अंतरराष्ट्रीय समझौतों और विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।
इन दिग्गजों ने भरी हुंकार
कांग्रेस भवन से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक निकले इस विरोध प्रदर्शन में कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से विधायक भारत भूषण बतरा, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी, AICC सदस्य चक्रवर्ती शर्मा, जिला शहरी अध्यक्ष कुलदीप केडी और ग्रामीण अध्यक्ष बलवान रंगा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










