Logo
Delhi Budget Session 2026: दिल्ली विधानसभा में सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के नेताओं के रिनोवेशन पर खर्च किए रुपयों को लेकर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा इन लोगों ने दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया है।

Delhi Budget Session 2026: दिल्ली विधानसभा में बुधवार को अरविंद केजरीवाल के आवास को लेकर आई  CAG रिपोर्ट पर चर्चा हुई। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल को लेकर जमकर निशाना साधा। सीएम ने तंज कसते हुए केजरीवाल और उनके मंत्रियों के घरों के रिनोवेशन पर खर्च किए गए पैसों लेकर कई आरोप लगाए। रेखा गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली का मुख्यमंत्री रहते सिर्फ अपने लिए ही शीश महल का निर्माण नहीं कराया था। इसके अलावा उनके साथी मंत्रियों ने भी भोली भाली जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपए इस काम में फूंक दिए।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार में केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया, रामनिवास गोयल, राजेंद्र पाल गौतम, राखी बिड़लान और इमरान हुसैन ने भी अपने घरों पर जनता करोड़ों रुपए खर्च किए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस रिपोर्ट पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इसे पीएसी में भेजने की मांग की। सीएम ने इस रिपोर्ट पर बोलते हुए आगे कहा कि 'यह रिपोर्ट उस नैतिक पतन का दस्तावेज है, जो दिल्ली की जनता को आम आदमी बोलकर और खुद को दिल्ली का राजा समझकर जनता को दास समझा। जो वो कहेंगे मान लेंगे, जो वो कहेंगे देख लेंगे,जो वह कहेंगे सुन लेंगे। सीएम ने आगे कहा कि मै यह कई बार महसूस करती कि क्या यह वही कुर्सी है। जहां बैठकर वह दिल्ली की जनता को गुमराह करते थे, दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाते थे।'

सीएम रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल द्वारा मुख्यमंत्री बनने से पहले कही गई उनकी बातों को याद दिलाते हुए कहा कि ' किस तरह से वह पिक्चर दिखाते थे कि बंगला नहीं चाहिए, गाड़ी नहीं चाहिए, कुर्सी नहीं चाहिए, सत्ता भी नहीं चाहिए, पर उन्हें चाहिए सब कुछ था। वह लोगों को आईना कुछ और दिखाते थे और तस्वीर कुछ और ही होती थी। रेखा गुप्ता ने कहा कि वह दिल्ली की जनता को धोखा देते थे।'

किस मंत्री के रिनोवेशन पर कितना हुआ खर्च?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार-

  1. मनीष सिसोदिया- 7.5 करोड़
  2. रामनिवास गोयल- 3.23 करोड़
  3. इमरान हुसैन- 3 करोड़
  4. राजेंद्र पाल गौतम- 3 करोड़
  5. गोपल राय- 2.55 करोड़
  6. राखी बिड़लान- 2.33 करोड़
  7. सत्येंद्र जैन- 2 करोड़
  8. सौरभ भारद्वाज- 1 करोड़
  9. आतिशी- 67 लाख

इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर तंज कसते हुए कहा कि 'वह तो बेचारी महिला हैं। उन्हें तो कोई अधिकार नहीं मिला वो तो बेचारी 67 लाख में निपट गईं।' मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी को इस दौरान बेचारी इसलिए कहा क्योंकि उनकी पार्टी के सभी नेताओं के रिनोवेशन में सबसे कम रकम उन्होंने ही खर्च की थी।

7