Delhi Bribe Case: दिल्ली में पानी की रेहड़ी लगवाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ CBI ने कश्मीरी गेट पुलिस चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिसकर्मी पर आरोप लगा है कि उन्होंने कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास पानी की रेहड़ी लगाने वाले से 20 हजार रुपये की रिश्त मांगी थी।
पुलिस का कहना है कि SI ने रेहड़ी संचालक से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना CBI को दी थी। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। योजना के तहत CBI ने पीड़ित को तय रकम देकर आरोपी के पास भेज दिया और टीम पहले से ही मौके पर मौजूद थी। जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने पीड़ित से रिश्वत ली, वैसे ही सीबीआई ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
CBI ने जब्त किए रिश्वत के पैसे
टीम ने आरोपी के कब्जे से पैसे भी बरामद कर लिए हैं। ऐसा भी कहा जा रहा है कि इस मामले में सब इंस्पेक्टर के साथ कश्मीरी गेट थाने के SHO भी शामिल था। थाने और आसपास के थानों में तैनात पुलिस सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि, थाने के स्टाफ पर SHO की ओर से काफी समय से मंथली का भी दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन इन आरोपों को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गलत बताया है।
सीनियर अधिकारी का कहना है कि उन्होंने अपने आधार पर पता किया है, SHO पर लगाए आरोप झूठे हैं, ऐसे में SHO के खिलाफ कोई डिपार्टमेंटल एक्शन नहीं होगा। फिलहाल सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान CBI ने जरूरी सबूत भी इकट्ठा किए हैं, जिसे अदालत में पेश किए जाएंगे।










