Logo
Gurugram Wall Collapse: गुरुग्राम में दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Gurugram Wall Collapse: गुरुग्राम से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर निर्माणाधीन सोसायटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसिया घटनास्थल पर पहुंच गई, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। टीम ने मलबे से 7 मजदूरों के शव बरामद किए, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। टीम द्वारा मलबे में अभी भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, ऐसे में अब तलाशी अभियान जारी है।   

कैसे हुआ हादसा ?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला गुरुग्राम के पटौदी-बिलासपुर रोड पर स्थित सिधरावली इलाके का बताया जा रहा है। दरअसल सिधरावली में  'सिग्नेचर ग्लोबल' सोसाइटी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट बीती देर रात काम चल रहा था। रात करीब 8 बजे कंक्रीट रिटेंशन दीवार अचानक से गिर गई, जिसकी वजह से बेसमेंट में बड़े पैमाने पर मिट्टी धंस गई थी, उसी दौरान करीब 15 मजदूर उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे से मजदूरों को बाहर निकालना शुरू किया।

घायल मजदूरों को तुरंत  भिवाड़ी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 4 की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि सोसायटी परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान रिटेंशन की दीवार अचानक से ढह गई, उसी दौरान बेसमेंट में काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई 

जिन 7 मजदूरों की मौत हुई है, उनमें से 6 की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम सतीश, भागीरथ, मिलन, शिव शंकर, मंगल और परमेश्वर बताया जा रहा है। इसके अलावा छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत की हालत गंभीर है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मृतकों या घायलों के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में केस दर्ज किया जाएगा। 

5379487