Janakpuri Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरकर युवक की मौत हो थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य ठेकेदार हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लगातार तलाशी के बाद आरोपी ठेकेदार को आज 10 मार्च मंगलवार को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी हादसे के बाद से कई दिनों से उदयपुर छिपा हुआ था। पुलिस आरोपी को दिल्ली लाकर मामले में पूछताछ करेगी।
पूरा मामला इसी साल 6 फरवरी की रात का है, इस दिन जनकपुरी में 25 साल के कमल ध्यानी की दिल्ली जल बोर्ड के एक खुले और गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई थी। हादसे के बाद से ही पुलिस ठेकेदार और उससे जुड़े लोगों को तलाश करने में जुटी हुई थी। पुलिस हादसे के बाद से ही अधिकारियों की लापरवाही और सार्वजनिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच पड़ताल कर रही है। वहीं इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका को भी जांचा जा रहा है।
#WATCH | Janakpuri Biker's death case: Team of AATS West district apprehends contractor Himanshu Gupta from Udaipur in Rajasthan. He was hiding there and is now being brought to Delhi
— ANI (@ANI) March 10, 2026
(Source: Delhi Police) pic.twitter.com/R3lgAO1QFs
ड्यूटी से घर लौट रहे थे कमल
बता दें कि मृतक कमल रोहिणी में एक निजी बैंक में टेलीकॉलर के तौर पर काम करते थे। 6 फरवरी की रात कमल अपनी बाइक से कैलाशपुरी में अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा पाइपलाइन के काम को लेकर करीब 14 से 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। इस गड्ढे को बिना बैरिकेड, चेतावनी बोर्ड या लाइट के खुला छोड़ दिया गया था, जिससे अंधेरे में उनकी बाइक सीधे उसमें गिर गई।
पुलिस ने इन्हें भी किया गिरफ्तार
हादसे के दौरान कमल की बाइक उन पर गिर गई थी, वे गड्ढे में फंस गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता लगा कि उनकी मौत दम घुटने की वजह से हुई थी। छाती पर भारी दबाव पड़ने से उनकी सांस रुक गई और उनकी मौत हो गई। अब तक पुलिस इस मामले में सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति, कर्मचारी योगेश और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं कोर्ट ने भी इस मामले में लापरवाही को देखते हुए कई आरोपियों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।










