MP State Bar Council Election 2026: मध्य प्रदेश में वकीलों के सबसे महत्वपूर्ण चुनावों में से एक मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जारी शेड्यूल के अनुसार इस चुनाव के लिए 12 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 16 जून से मतगणना शुरू होगी। इस चुनाव में प्रदेशभर के करीब 93 हजार अधिवक्ता मतदान करेंगे और 26 सदस्यों का चयन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जारी हुआ शेड्यूल
मध्य प्रदेश राज्य बार परिषद के चुनाव कार्यक्रम को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्चाधिकार प्राप्त चुनाव समिति ने जारी किया है। समिति ने चुनाव के लिए रिटायर्ड जस्टिस एस.के. पालो को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है।
कब जारी होगी मतदाता सूची
चुनाव प्रक्रिया के तहत प्रोविजनल मतदाता सूची 16 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद अधिवक्ता 24 मार्च तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इन आपत्तियों के निपटारे के बाद 1 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया
चुनाव में उम्मीदवारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इस दौरान तीन दिनों तक उम्मीदवार नामांकन फॉर्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद 15 और 16 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 20 से 22 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 22 अप्रैल शाम 5 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 12 मई को मतदान, 16 जून से मतगणना। अंतिम सूची जारी होने के बाद 12 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 16 जून से वोटों की गिनती शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें
इस बार के चुनाव में महिला अधिवक्ताओं को भी प्रतिनिधित्व देने के लिए 7 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। हालांकि इनमें से 5 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि 2 सीटों पर मनोनयन किया जाएगा।
खत्म हो चुका है बार काउंसिल का कार्यकाल
गौरतलब है कि Madhya Pradesh State Bar Council का कार्यकाल अक्टूबर 2025 में समाप्त हो चुका था और फिलहाल यह एक्सटेंशन पर चल रहा है। 4 फरवरी को हुई सुनवाई में कोर्ट ने चुनाव कराने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है।










