Logo
एसटीपी प्लांट के निर्माण के लिए करीब 40 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। जिसमें निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी की एक विशाल चट्टान ढह गई।

गुरुग्राम के जिले के सिदरावली स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में सोमवार रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें 7 मजदूरों की मौत हो गई। एक निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए खोदे गए 40 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी और दीवार गिरने से  हादसा हुआ। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 7 घंटे तक चला, जिसके बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला जा सका।

कैसे हुआ हादसा?
सोसाइटी में एसटीपी प्लांट के निर्माण के लिए करीब 40 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी की एक विशाल चट्टान और बगल में खड़ी 5 फीट की दीवार ढह गई। मलबा और सरिया गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर दब गए। मिट्टी का दबाव इतना अधिक था कि कई मजदूरों के शरीर में लोहे की सरिया तक घुस गईं।

हादसे में जान गंवाने वाले 7 मजदूरों की पहचान 
शिवशंकर, परमेश्वर मेहटो, मंगल मेहटो, भागीरथ गोपे, संजीव गोपे, धनंजय मेहटो और सतीश। हादसे में घायल 4 मजदूरों में से 3 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इनमें नेपाल निवासी इंद्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी के साथ बांदीकुई के दीनदयाल शर्मा शामिल हैं।

7 घंटे का 'महा-रेस्क्यू'
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ NDRF और SDRF की टीमों को मौके पर बुलाया गया। रात भर चले गहन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे तक सभी को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। घायलों को तुरंत भिवाड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने सभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटनास्थल पर बिल्डर प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं। हादसे के बाद सोसाइटी के गेट बंद कर दिए गए थे और बाउंसर तैनात कर दिए गए थे, जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। इस समय गुरुग्राम का सिविल अस्पताल शोक में डूबा है, जहां मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487