हरियाणा कांग्रेस की राजनीति में एक बड़ा धमाका हुआ है। महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सुचित्रा सिंह और उनके बिजनेसमैन पति गौरव कुमार ने पार्टी के शीर्ष नेताओं और उनके करीबियों पर टिकट और पद दिलाने के नाम पर करीब 7 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजकर FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
बावल सीट से टिकट के लिए वसूले करोड़ों?
सुचित्रा सिंह का आरोप है कि अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में रेवाड़ी की बावल (SC सुरक्षित) सीट से टिकट दिलाने के नाम पर उनसे भारी भरकम रकम ली गई।सुचित्रा के अनुसार, यह पैसा बैंक खातों और नकद के रूप में दिया गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस को सबूत के तौर पर चैटिंग के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। सुचित्रा ने बताया कि उनका परिवार 55 साल से कांग्रेस से जुड़ा है और उनके पिता सीआरपीएफ में शहीद हुए थे।
इन बड़े नामों पर लगे आरोप
शिकायत में कांग्रेस के कई प्रभावशाली चेहरों और उनके स्टाफ के नाम शामिल हैं:
- केसी वेणुगोपाल के पीए (अनस अली): किस्तों में बैंक ट्रांसफर और 75 लाख रुपए नकद लेने का आरोप।
- कोडिकुन्निल सुरेश: स्वयं, बेटे और पीए के खाते में पैसे ट्रांसफर करवाने और 90 लाख रुपए नकद लेने का आरोप।
- प्रियंका गांधी के पीए (शादाब खान): मुलाकात के नाम पर 10 जनपथ और आवास पर कुल 35 लाख रुपए लेने का दावा। इसके अलावा चार स्टाफ सदस्यों को भी 25-25 लाख रुपए देने की बात कही गई है।
डेढ़ साल बाद क्यों टूटा सन्नाटा?
जब सुचित्रा से पूछा गया कि उन्होंने इतने समय बाद यह खुलासा क्यों किया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें टिकट न मिलने के बाद 'हरियाणा महिला कांग्रेस' का बड़ा पद दिलाने का आश्वासन दिया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया। अंततः तंग आकर उन्होंने 22 फरवरी को अपना इस्तीफा पार्टी को भेज दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की सफाई
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें 'राजनीति से प्रेरित' बताया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पैसे लेकर टिकट देने की कोई परंपरा नहीं है। यह केरल के आगामी चुनावों को प्रभावित करने के लिए विपक्षी दलों की साजिश हो सकती है, क्योंकि जिन नेताओं के नाम लिए गए हैं, वे केरल से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि सुचित्रा ने पद के लिए बायोडाटा दिया था, लेकिन फैसला हाईकमान के हाथ में होता है।
जारी है पुलिस जांच
दिल्ली पुलिस की साइबर और आर्थिक अपराध शाखा अब दिए गए स्क्रीनशॉट्स और बैंक ट्रांजैक्शन की सत्यता की जांच कर रही है। सुचित्रा और उनके पति का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिससे कांग्रेस नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









