Logo
रतलाम जिले के आलोट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। महाकाल मंदिर में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने नशे की हालत में लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जो पड़ोसी युवक को लग गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रतलाम। प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट नगर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शराब के नशे में धुत महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मी द्वारा चलायी गई गोली पास में खड़े एक युवक को लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे आलोट के प्रमिलागंज क्षेत्र में हुई। 

जन्मदिन पार्टी में फायरिंग से युवक घायल
पुलिस ने बताया कि श्याम नायक नामक युवक के घर पर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी में उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर किया। वह नशे में था इस लिए उसने सामने बंदूक की नली करके गोली चला दी। जिससे पास में खड़ा पड़ोसी युवक रोहित नायक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रोहित नायक के दोनो पैर बुरी तरह से घायल हो गए। 

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी सुरक्षाकर्मी श्याम नायक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण भी कराया।  

महाकाल मंदिर में करता है सुरक्षा ड्यूटी
पुलिस के अनुसार आरोपी श्याम नायक उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत है। वह अपने घर आलोट में जन्मदिन का जश्न मना रहा था, उसी दौरान यह घटना हो गई। थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इससे पता चलेगा कि उसने गोली नशे में चलाई या उस समय वह होश में था। उन्होंने कहा इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

5379487