भोपाल। होली और रंगपंचमी का त्योहार खत्म होते ही मंत्रालय के गलियारों में प्रशासनिक सर्जरी की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। संभावना है कि अगले सप्ताह एक लिस्ट जारी होगी जिसमें दर्जनभर जिलों के कलेक्टर इधर से उधर हो सकते हैं। इस सर्जरी में सबकी निगाहें भोपाल कलेक्टर को लेकर लगी हुई हैं। भोपाल संभाग के आयुक्त के भी बदले जाने की संभावना है। निगम-मंडल और प्राधिकरण के एमडी तथा सीईओ के साथ मंत्रालय स्तर पर प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के प्रभारों में बदलाव किया जाना है।
भोपाल कलेक्टर के लिए तीन नाम
इसके लिए पिछले 2 हफ्ते से मशक्कत चल रही है। विधानसभा सत्र के खत्म होने के बाद लिस्ट आने की चर्चा थी लेकिन मुख्य सचिव अनुराग जैन के 5 दिन के अवकाश पर जाने से लिस्ट जारी होने का मामला आगे बढ़ गया है। सीएस के वापस लौटते ही संभावित नामों पर रिव्यू किया जाएगा। भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह का सचिव स्तर पर प्रमोशन हो गया है। लिहाजा उनका बदला जाना तय है। वर्ष 2010 बैच के कलेक्टर सिंह को किसी संभाग का आयुक्त बनाया जा सकता है।
कलेक्टर के लिए महिला आईएएस का नाम
बड़ी संभावना भोपाल संभाग के आयुक्त को लेकर है। वहीं, भोपाल कलेक्टर के लिए सरकार के अंदरखाने में महिला आईएएस के नाम का सुझाव दिया गया है। इसमें पहले नंबर पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान का नाम बताया जा रहा है। दरअसल, ग्वालियर और जबलपुर जिलों की कमान महिला आईएएस संभाल चुकी हैं। अब इंदौर और भोपाल जिलों को लेकर संभावनाएं बन रही हैं। महिला आईएएस को जिले की कमान अगर नहीं दी गई तो धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा या फिर मप्र ग्रामीण सड़क विकास निगम के सीईओ दीपक आर्य के नाम सामने आ रहे हैं।
कौन बनेगा भोपाल संभाग का आयुक्त
भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह को दो साल हो चुके हैं। लिहाजा उन्हें कोई और जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को जिले की कमान संभाले तीन साल से ज्यादा समय हो गया है। उनके परफॉर्मेस को देखते हुए बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। इनके अलावा जिन कलेक्टरों को इधर से उधर किया जाना संभावित है उनमें शहडोल के कैदार सिंह, प्रतिभा पाल रीवा, स्वरोचिश सोमवंशी सीधी, नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी बैतूल, नेहा मीना झाबुआ, सोनिया मीना नर्मदापुरम, सुधीर कोचर दमोह, ऋजु बाफना शाजापुर, रानी बाटड मैहर, अदिति गर्ग मंदसौर आदि।










