Logo
थाना राजेन्द्र पार्क क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सोनीपत से काम की तलाश में आए 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

एसजीटी अस्पताल में कराया गया भर्ती  
मृतक की पहचान सोनीपत के गांव खांडा निवासी 37 वर्षीय रामपाल के रूप में हुई है। मृतक के भाई सतबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रामपाल बेहतर भविष्य और काम की तलाश में 6 मार्च को सोनीपत से गुरुग्राम आया था। 7मार्च की रात को उन्हें एक परिचित का फोन आया कि रामपाल का एक्सीडेंट हो गया है और उसे एसजीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जब सतबीर अपने बेटे विनय के साथ अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें दुखद सूचना मिली कि रामपाल की मौत हो चुकी है। जांच में सामने आया कि एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए रामपाल को अपनी चपेट में ले लिया और उसे कुचल दिया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राजेन्द्र पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसजीटी अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामले के जांच करेंगे अधिकारी 
मामले के जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487