राजनीति में अचनाक हलचल मच गई है। जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है। भिवानी के देवीलाल सदन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिग्विजय ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ फिर से 'खेला' हो सकता है।
'कमेरे बनाम व्यापारी' होगा चुनाव
दिग्विजय चौटाला ने राज्यसभा चुनाव को 'कमेरे वर्ग और व्यापारी वर्ग' के बीच की सीधी लड़ाई बताया है। कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि वे कमेरे वर्ग और बाबा साहेब अंबेडकर के अनुयायी हैं। दिग्विजय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि उनके पास ताकत होती तो वे पूरी तरह से कमेरे वर्ग के साथ खड़े होते। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस के 37 विधायकों के बावजूद चुनाव जीतने पर संशय जताते हुए अतीत में अजय माकन और आनंद सिंह की उम्मीदवारी के समय हुए घटनाक्रमों की याद दिलाई। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजनीति में 'हॉर्स ट्रेडिंग' रुकनी चाहिए, क्योंकि व्यापारी वर्ग के जीतने से प्रदेश में पूंजीवाद को बढ़ावा मिलेगा।
13 मार्च को हांसी में होगा शक्ति प्रदर्शन
दिग्विजय चौटाला ने 13 मार्च को हांसी में होने वाली जेजेपी की रैली के लिए आमंत्रण दिया है। इस रैली में दिग्गजों का जमावड़ा देखने को मिलेगा:
- प्रमुख अतिथि: अखिलेश यादव (सपा अध्यक्ष), आजम खान, धर्मेंद्र यादव, हनुमान बेनिवाल और रविंद्र भाटी।
- विशेष आकर्षण: इस रैली में सतलोक आश्रम के अनुयायियों के साथ-साथ खेल, कला और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
मंडियों में उतरेंगे जजपा कार्यकर्ता
दिग्विजय ने स्पष्ट किया कि 13 मार्च की रैली के बाद पार्टी का पूरा फोकस मंडियों पर होगा। उन्होंने कहा कि सरसों और गेहूं की खरीद शुरू होते ही जजपा के नेता और कार्यकर्ता मंडियों में डट जाएंगे ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित दाम और सरकारी खरीद का लाभ मिल सके।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस के बढ़ते दामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। दिग्विजय ने तंज कसते हुए कहा कि "56 इंच का सीना" बताने वाले प्रधानमंत्री अब हर फैसला अमेरिका के राष्ट्रपति से पूछकर लेते हैं, जो जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे एक मजबूत नेता हैं और ऐसे लोग कभी रिटायर नहीं होते उन्होंने खुद पद छोड़ा है, उन्हें हटाया नहीं गया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









