परिवार पहचान पत्र पर सरकार ने कड़ा रूख अपनाते हुए एक फैसला लिया है। अब सरकार ने पेंडेंसी खत्म करने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला को सौंप दी है।अब शिकायतों की सीधी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी, जिससे अधिकारियों की जवाबदेही तय हो गई है।
चीफ सेक्रेटरी ने जारी किए सख्त आदेश
मुख्यमंत्री के चीफ सेक्रेटरी अरुण गुप्ता ने प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत एडीसी (ADC) और सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी शिकायत को निर्धारित समय सीमा से अधिक पेंडिंग न रखा जाए।
शिकायतकर्ता की भी होगी जवाबदेही
नई व्यवस्था में केवल अधिकारियों को ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को भी जिम्मेदार बनाया गया है। यदि कोई नागरिक आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा नहीं करवाता है, तो उनसे भी जवाब तलब किया जाएगा। अब तक चंडीगढ़ सचिवालय और जिला स्तर के अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी के कारण शिकायतों के समाधान में देरी होती थी, जिसे अब नई मॉनिटरिंग व्यवस्था से सुधारा जाएगा।
पेंडेंसी के आंकड़े
प्रदेश में वर्तमान में शिकायतों का अंबार लगा हुआ है, जिनमें प्रमुख पेंडेंसी इस प्रकार है:
- जन्म तिथि: 42,000 से अधिक शिकायतें।
- विभिन्न सामग्री: 7,000 से अधिक।
- वाहन: 6,000 से अधिक।
- शिक्षा: 3,000 से अधिक।
- शादी: 900 से अधिक।
हिसार, करनाल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, नूंह और भिवानी में सबसे अधिक शिकायतें पेंडिंग बताई जा रही हैं। यहाँ तक कि मुख्यमंत्री का गृह जिला कुरुक्षेत्र भी जन्म तिथि की शिकायतों वाली टॉप-5 जिलों की सूची में शामिल है।
सात दिन में तय किया समाधान का लक्ष्य
स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि शिकायतों के समाधान के लिए 7 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रिड विभाग और जिला प्रशासन के बीच मजबूत तालमेल बिठाया जाएगा ताकि मल्टीपल शिकायतों (एक ही व्यक्ति द्वारा अलग-अलग जगह शिकायत दर्ज करना) के कारण होने वाली पेंडेंसी को समाप्त किया जा सके।
नई मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू
डॉ. खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा स्पष्ट है कि जनता को सरकारी सेवाओं के लिए न भटकना पड़े और पीपीपी से जुड़ी समस्याओं का निवारण तेजी से हो। नई मॉनिटरिंग व्यवस्था के लागू होने से प्रदेश भर में पेंडिंग शिकायतों में भारी कमी आने की उम्मीद है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










