Logo
राजस्थान में गर्मी ने मार्च की शुरुआत के साथ ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

राजस्थान में गर्मी ने मार्च की शुरुआत के साथ ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र हीटवेव की चपेट में रहे, जहां दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

इन जिलों में जारी हुआ हीटवेव का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

पिलानी और बाड़मेर रहे सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे के दौरान झुंझुनूं जिले के पिलानी और बाड़मेर सबसे ज्यादा गर्म रहे। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र में सुबह से ही तेज धूप रही और दोपहर के समय हल्की से मध्यम लू चली, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई शहरों में 39 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
राज्य के पश्चिमी हिस्सों में तापमान लगातार तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, चूरू में 39.1 डिग्री और जैसलमेर में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जोधपुर में तापमान 38.8 डिग्री और फलोदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इन इलाकों में हल्की हीटवेव का असर महसूस किया गया।

15 से ज्यादा शहरों में 36 डिग्री से ऊपर तापमान
राजस्थान के कई अन्य शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। पाली में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, झुंझुनूं में 37.4 डिग्री और फतेहपुर में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा जालोर और डूंगरपुर में 37.3 डिग्री, श्रीगंगानगर में 37.4 डिग्री, उदयपुर में 36.3 डिग्री और कोटा में 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। सीकर और भीलवाड़ा में तापमान 36 डिग्री के आसपास रहा, जबकि अलवर में 36.2 और अजमेर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर में भी तेजी से बढ़ रहा तापमान
राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ रहा है। 1 मार्च को यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए रविवार को 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहर में सुबह से ही तेज धूप निकलने लगती है और दिनभर गर्मी बनी रहती है। तेज धूप के कारण लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। हालांकि शाम के समय तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिलती है, जिससे कुछ राहत मिलती है।

अगले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राजस्थान के अधिकांश इलाकों में तापमान और बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी जिलों में हीटवेव का असर ज्यादा रहने की संभावना है।

5379487