आईसीसी ने सोमवार को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ की घोषणा कर दी। इस टीम में चैंपियन भारतीय टीम के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है, जबकि पाकिस्तान के ओपनर साहिबज़ादा फरहान इकलौते पाकिस्तानी खिलाड़ी बने।
भारत ने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता और टीम के कई खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसी वजह से भारतीय टीम के संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और ईशान किशन को इस प्रतिष्ठित टीम में शामिल किया गया है।
Four players from India's #T20WorldCup 2026 winning team have made it to the Team of the Tournament 🤩
— ICC (@ICC) March 9, 2026
All the players named in the TOTT ➡️ https://t.co/b4x8qMPUL1 pic.twitter.com/QfgRganrUK
साहिबज़ादा फरहान ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबज़ादा फरहान ने इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 383 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन हैं।
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने एक एडिशन में 319 रन बनाए थे। फरहान ने इस दौरान नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ दो शतक लगाए और टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में 321 रन बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दिलचस्प बात यह रही कि टूर्नामेंट की शुरुआत में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे, लेकिन टीम में वापसी के बाद उन्होंने लगातार शानदार पारियां खेलीं और कई मैचों में टीम को जीत दिलाई।
अन्य टीमों के स्टार खिलाड़ी
टीम ऑफ द टूर्नामेंट में अन्य देशों के कई बेहतरीन खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को टीम का कप्तान बनाया गया। उन्होंने तीन अर्धशतकों की मदद से 286 रन बनाए और टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया। उनके साथी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने 12 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
इंग्लैंड के विल जैक्स ने कई मैचों में अहम योगदान दिया। इंग्लैंड के ही स्पिनर आदिल राशिद ने 13 विकेट झटके। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर ने बल्ले और गेंद दोनों से उपयोगी योगदान दिया। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुज़राबानी ने ग्रुप स्टेज में महत्वपूर्ण विकेट लेकर प्रभावित किया।

ICC T20 World Cup 2026: Team of the Tournament
- साहिबज़ादा फरहान
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- ईशान किशन
- एडेन मार्करम (कप्तान)
- हार्दिक पांड्या
- विल जैक्स
- जेसन होल्डर
- जसप्रीत बुमराह
- लुंगी एनगिडी
- आदिल राशिद
- ब्लेसिंग मुज़राबानी
12वां खिलाड़ी: शैडली वैन शल्कविक
सिलेक्शन पैनल
इस टीम का चयन पूर्व क्रिकेटरों और कमेंटेटरों इयान बिशप, नताली जर्मनोस और इयोन मॉर्गन के साथ आईसीसी प्रतिनिधि गौरव सक्सेना और स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट रेक्स क्लेमेंटाइन की पैनल ने किया।
टीम ऑफ द टूर्नामेंट में उन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता।










