भारत ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाते हुए T20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। लेकिन इस जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की एक और भविष्यवाणी गलत साबित हो गई, जिस पर उन्होंने बौखलाहट भरे अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
दरअसल, आमिर ने पहले कहा था कि न्यूजीलैंड फाइनल जीतेगा। मैच खत्म होने के बाद जब उनसे उनकी गलत भविष्यवाणी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेपरवाह अंदाज में जवाब दिया।
आमिर ने कहा-
“वे जीत गए, कोई बात नहीं। वे कप घर ले जाएंगे, लेकिन वे इसे मेरे घर नहीं लाएंगे।”
लगातार गलत साबित हुईं आमिर की भविष्यवाणियां
टूर्नामेंट के दौरान मोहम्मद आमिर लगातार भारत के खिलाफ भविष्यवाणियां करते रहे। उन्होंने कहा था कि भारत सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से हार जाएगा, जो सही साबित हुआ। लेकिन इसके बाद वे बार-बार कहते रहे कि टीम इंडिया फाइनल तक नहीं पहुंचेगी और खिताब नहीं जीत पाएगी।
भारत के चैंपियन बनने के बाद उनकी भविष्यवाणी गलत साबित हुई, जिसके चलते नवजोत सिंह सिद्धू, मोहम्मद कैफ और सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी जमकर आलोचना की।
‘न्यूजीलैंड की गेंदबाजी ने भारत को जिताया’
फाइनल मुकाबले को लेकर आमिर ने कहा कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की रणनीति समझ से परे थी और उनकी ढीली गेंदबाजी ने भारत को फायदा पहुंचाया।
उन्होंने कहा,
“क्रेडिट एक अजीब तरीके से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को भी जाता है। वे स्टंप्स के बाहर लगातार वाइड गेंदें डाल रहे थे और वहां से छक्के खा रहे थे। गेंदबाजी बहुत ढीली थी।”
आमिर ने मिचेल सेंटनर की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभिषेक शर्मा के खिलाफ ऑफ-स्पिन जल्दी लानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
‘प्रेशर में दिखा फर्क’
आमिर ने कहा कि वे 2004-05 से न्यूजीलैंड की टीम को फॉलो कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने उन्हें पहले कभी इतना दबाव में नहीं देखा।
उनके मुताबिक, फाइनल का दबाव और दर्शकों का माहौल न्यूजीलैंड पर भारी पड़ा। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि भारतीय टीम ने मेंटल स्ट्रेंथ और स्किल के दम पर मैच जीता और वे इस जीत की हकदार हैं।










