Logo
घरौंडा के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत को थप्पड़ मारने के मामले में मुख्य आरोपी तत्कालीन SHO समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

करनाल में घरौंडा के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस प्रकरण में संलिप्त 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इससे पहले मुख्य आरोपी तत्कालीन SHO दीपक कुमार को निलंबित किया जा चुका है। जिला उपायुक्त (DC) उत्तम सिंह के साथ हुई सफल वार्ता के बाद मेडिकल एसोसिएशन ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल वापस ले ली है।

4 मार्च को होली की रात हुई घटना
विवाद की शुरुआत 4 मार्च को होली की रात हुई थी। घरौंडा अस्पताल में कुछ मरीज मेडिकल लीगल केस (MLC) के लिए आए थे, जिनका वहां के नर्सिंग स्टाफ और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत के साथ विवाद हो गया। स्थिति संभालने के लिए डॉक्टर ने पुलिस को मदद के लिए फोन किया था।

पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट
अस्पताल के स्टाफ के अनुसार, जब पुलिस को फोन किया गया तो उनकी ओर से अनुचित जवाब मिला। बाद में थाना प्रभारी दीपक कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। स्टाफ का आरोप है कि वहां पहुंचते ही SHO ने डॉक्टर प्रशांत का कॉलर पकड़ा, उन्हें थप्पड़ जड़े और घसीटते हुए गाड़ी में बिठाकर थाने ले गए। साथ ही, आरोप यह भी है कि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी शराब के नशे में थे और उन्होंने अस्पताल के अन्य कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की।

CCTV ने खोली पुलिस की पोल
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला गर्मा गया। वीडियो में साफ तौर पर पुलिस की मनमानी और डॉक्टर के साथ की गई हाथापाई रिकॉर्ड हो गई थी, जिसके बाद चिकित्सा जगत में भारी आक्रोश फैल गया। डॉक्टरों ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी।

प्रशासन का रुख और समाधान
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को उपायुक्त (DC) उत्तम सिंह ने मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। प्रशासन द्वारा मामले में सख्त एक्शन लेते हुए 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने और पूर्व में ही SHO दीपक कुमार पर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि सरकारी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487