Logo
घरेलू झगड़े से परेशान एक महिला ने कुएं में छलांग दी और छलांग लगाने से पहले अपनी सबसे छोटी बेटी को अपनी पीठ पर बांध लिया।

हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में एक महिला द्वारा अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कुएं में कूदकर जान देने के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। सोमवार दोपहर को कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद जब महिला और उसकी 6 महीने की बच्ची का शव बाहर निकाला गया, तो देखने वालों की आंखें नम हो गईं। महिला ने छलांग लगाने से पहले अपनी सबसे छोटी बेटी को चुन्नी के सहारे अपनी पीठ पर बांध लिया था।

रूह कंपा देने वाला मंजर
ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों शव बरामद कर लिए गए हैं।7 वर्षीय अक्सा और 4 वर्षीय सानोफिया के शव पहले ही निकाल लिए गए थे।काफी मशक्कत के बाद जब 28 वर्षीय साहिला का शव मिला, तो उसकी पीठ पर 6 महीने की दुधमुंही बच्ची बंधी हुई थी। 70 फीट गहरे कुएं में पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पति से झगड़ा और जेवरों का विवाद
शुरुआती जांच और पड़ोसियों के बयानों से पता चला है कि घर में अक्सर कलह रहती थी।बताया जा रहा है कि साहिला ने अपने सारे जेवर अपने पिता को दे दिए थे, जिसे लेकर पति शाहिद अक्सर उसके साथ मारपीट और झगड़ा करता था। साहिला हाल ही में अपने मायके से वापस आई थी। रविवार शाम रोजा इफ्तारी के बाद पति-पत्नी के बीच फिर से तीखी बहस हुई, जिसके बाद आहत होकर सोमवार सुबह उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस की कार्रवाई
सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी सुभाष ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या महिला को इस आत्मघाती कदम के लिए उकसाया गया था।

गांव में मातम का माहौल
इस घटना के बाद बदोपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार की चार मौतों ने हर किसी को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते घरेलू विवाद सुलझ जाता, तो इन तीन मासूमों की जान बचाई जा सकती थी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487