Logo
ग्वालियर के पनिहार थाना क्षेत्र के नयागांव में एक किसान की कीटनाशक पीने से मौत हो गई। खेत में बेहोश मिलने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां दो दिन इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार किसान ने कीटनाशक पी लिया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिनों तक इलाज चलने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

यह घटना पनिहार थाना क्षेत्र के नयागांव गांव की है। मृतक की पहचान नयागांव निवासी नरेश बाथम के रूप में की गई है, जो पेशे से खेती करते थे। परिवार के लोगों के मुताबिक वह रोज की तरह खेत की देखभाल करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन अगले दिन सुबह वह खेत में अचेत अवस्था में मिले।

खेत में बेहोश पड़े मिले थे नरेश
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन शाम को नरेश अपने खेत की रखवाली करने के लिए घर से गए थे। अगले दिन सुबह उनके चचेरे भाई शंकर बाथम गाय लेकर खेत की ओर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि नरेश जमीन पर बेहोश पड़े हुए हैं। यह देखकर शंकर ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच की, जहां नरेश ने बताया कि उन्होंने कीटनाशक पी लिया है। उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

अस्पताल में दो दिन चला इलाज
अस्पताल में दो दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन हालत में ज्यादा सुधार नहीं हो सका। रविवार रात उपचार के दौरान नरेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस नेबताया कि मर्ग कायम करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिस्थितियों के गहन विश्लेषण के साथ परिवार के लोगों और अन्य से पूछताछ कर आत्महत्या की वजह जानने का प्रयास कर रही है। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच
पनिहार थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसान ने आत्महत्या करने का निर्णय क्यों लिया। उन्होंने कहा हम जांच कर पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि किसान पर किसी तरह का आर्थिक या पारिवारिक दबाव तो नहीं था। उन्होंने कहा जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसान ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या क्यों की। फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

5379487