Logo
बलरामपुर जिले में नई जिला कार्यकारिणी में परिवारवाद के आरोप लगाते हुए जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले भी 10 पदाधिकारी पद छोड़ चुके हैं। 

कृष्ण कुमार यादव- बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की राजनीति में हलचल मच गई। कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि नई जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी जिला महामंत्री सहित करीब 10 पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा देकर संगठन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे।

दरअसल, 2 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर बलरामपुर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया था। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से ही कई पदाधिकारियों ने संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा देने और जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है।

यहां देखिए इस्तीफा पत्र (View)

जिला उपाध्यक्ष ने भी दिया इस्तीफा
इसी कड़ी में अब जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने भी अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। लगातार हो रहे इस्तीफों से जिला कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। 

संगठन में आपसी तालमेल की कमी- यादव 
वहीं पूरे मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि, संगठन में कुछ पदाधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की कमी है, जिसके चलते ऐसी स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि, पार्टी स्तर पर बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि, बीजेपी पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। 

5379487