INDIA Bloc Rally: रामलीला मैदान से सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन की राजनीति में एंट्री, मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना

Sunita Kejriwal and Kalpana Soren
X
सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन।
दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

INDIA Bloc Rally: लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज नेताओं ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को 'लोकतंत्र बचाओ महारैली' से हुंकार भरी। इस महारैली से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की राजनीति में एंट्री मानी जा रही है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला।

लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश- कल्पना सोरेन

इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि NDA सरकार ने हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस किया है। भारत में बाबा साहब के संविधान से प्राप्त गारंटियों को केंद्र सरकार द्वारा खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं, उसका अंत करने के लिए यह सभा आयोजित हुई है। आपको अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा।

सुनीता केजरीवाल ने बीजेपी पर साधा निशाना

सुनीता केजरीवाल ने महारैली को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? उन्होंने आगे कहा कि आपके केजरीवाल को वो ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं। कभी-कभी लगता है कि केजरीवाल एक फ्रीडम फाइटर थे, जो देश के लिए लड़ते-लड़ते शहीद हो गए।

मंच से सुनीता केजरीवाल ने पढ़ा सीएम का संदेश

सुनीता केजरीवाल ने मंच से ही अपने पति सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा भेजे गए संदेश को पढ़ा। सुनीता केजरीवाल ने सीएम का संदेश पढ़ते हुए बोला, उन्होंने कहा है कि मैं आपसे वोट नहीं मांग रहा, मैं आपसे किसी को हराने या जिताने को नहीं बोल रहा हूं। जब कुछ नेता सुबह-शाम लच्छेदार भाषण देते हैं, देश लूटने में लगे रहते हैं तो भारत मां को बहुत गुस्सा आता है। ऐसे लोगों को भारत मां से सख्त नफरत है। आइए एक नया भारत बनाते हैं, जहां हर किसी को खाना मिलेगा, रोजगार मिलेगा, कोई गरीब नहीं होगा। हर एक को अच्छी शिक्षा मिलेगी। हर बीमार को अच्छा इलाज मिलेगा। चाहे वो अमीर हो या गरीब।

बता दें कि महारैली से एक पहले यानी 30 मार्च को कल्पना सोरेन ने सुनीता केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की थी। वहीं, सीएम केजरीवाल और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से पहले दोनों नेताओं की पत्नियों का राजनीति में कोई खास दखल नहीं था, लेकिन अब दोनों के लगातार बयानों से ऐसा साफ माना जा रहा कि दोनों ने राजनीति के मैदान में कदम रख दिया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story