Logo
बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने मोकामा से खुद चुनाव न लड़कर अपने उत्तराधिकारी के नाम पर भी बड़ा संकेत दिया है।

Anant Singh on Nishant Kumar: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सक्रियता चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इस बीच, हाल ही में जेल से बाहर आए मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से मुखातिब होते हुए अनंत सिंह ने मूंछों पर ताव देकर अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि निशांत कुमार का राजनीति में आना एक शानदार फैसला है। उन्होंने निशांत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जेडीयू में उनकी बढ़ती सक्रियता को बिहार के लिए बेहतर बताया।

राजनीति से संन्यास का ऐलान
लगातार पांच बार मोकामा से विधानसभा पहुंचने वाले 'छोटे सरकार' यानी अनंत सिंह ने एक बार फिर चुनावी मैदान से दूरी बनाने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। गौरतलब है कि राज्यसभा वोटिंग के दौरान भी उन्होंने विधानसभा में इसी बात का ऐलान किया था। अनंत सिंह ने कहा कि वे अपने फैसले पर अडिग हैं और आगामी चुनावों में उम्मीदवार के तौर पर नजर नहीं आएंगे, बल्कि किंगमेकर की भूमिका निभाएंगे।

मोकामा का अगला वारिस कौन?
जब अनंत सिंह से उनके उत्तराधिकारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि उनके परिवार से ही कोई चुनावी दंगल में उतरेगा। उन्होंने अपने जुड़वां बेटों का जिक्र करते हुए कहा कि जो "लायक" होगा, वही मोकामा की विरासत को आगे बढ़ाएगा। हालांकि उन्होंने किसी एक नाम पर मुहर नहीं लगाई, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि उनके दोनों बेटों में से कोई एक चुनावी मैदान में ताल ठोक सकता है।

जेल से रिहाई के बाद बदला सियासी समीकरण
दुलारचंद यादव हत्याकांड में शर्त के साथ जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह इन दिनों अपने क्षेत्र में काफी सक्रिय हैं। जेल से बाहर आने के बाद उनके समर्थकों ने पटना से लेकर मोकामा तक जोरदार जश्न मनाया था। 2005 से लगातार जीत दर्ज करने वाले अनंत सिंह की पकड़ आज भी अपने क्षेत्र में उतनी ही मजबूत मानी जाती है। फिलहाल वे चुनावी रणनीति बनाने और क्षेत्र की समस्याओं को सुलझाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

7