Logo
Patna News: पटना के दानापुर में इंटर के छात्र ओम सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र 27 मार्च को होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Patna News: राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के विश्वेसरैया नगर मोड़ के पास एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहाँ जमुई जिले के झाझा (पिपराडीह) निवासी रमेश सिंह के 20 वर्षीय पुत्र ओम सिंह ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। ओम पिछले ढाई साल से पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था और आगामी 27 मार्च को उसकी इंटर की परीक्षा होने वाली थी।

घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला जब ओम के चचेरे भाई की बेटी उसे जगाने गई। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई। परिजनों को लगा कि ओम देर रात तक पढ़ाई करता है, इसलिए शायद सो रहा होगा। लेकिन जब एक घंटे बाद भी कोई हलचल नहीं हुई, तो खिड़की से झांकने पर भी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका होने पर जब जबरदस्ती दरवाजा खोला गया, तो ओम का शव छत के हुक से लटका मिला।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे की मौत की खबर सुनते ही जमुई में रह रहे पिता और अन्य परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। चचेरे भाई ने बताया कि ओम पढ़ाई में काफी व्यस्त रहता था और परीक्षा को लेकर गंभीर था। कमरे में फंदे से झूलते ओम को देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

पुलिस जांच में जुटी
रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने बताया कि छात्र के शव को कब्जे में लेकर दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करा लिया गया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का खुलासा हो सकेगा।

7