Logo
Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस मुठभेड़ में लूट के मामले में फरार चल रहे बदमाश अजय उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित अपराधी अजय उर्फ कालिया को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भी पुलिस टीम पर गोली चला दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग कर दी, जिसमें आरोपी के पैर में भी गोली लग गई, जिसके बाद टीम ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती करवा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।    

 
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को बीते दिन यानी 23 मार्च की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि 85 लाख की लूट के मामले में फरार चल रहे अजय उर्फ कालिया अपने साथियों से मिलने एमजी रोड स्थित रोज गार्डन सर्विस रोड पर मिलने आने वाला है। सूचना है कि आरोपी अजय किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से यहां आया हुआ है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ और टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए मौके पर घेराबंदी कर जाल बिछा दिया।

 

पुलिस ने बदमाश को कैसे गिरफ्तार किया ?

रात करीब 12 बचकर 22 मिनट पर आरोपी ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार होकर वहां आ गया। पुलिस ने उसे रुकने का इशार किया, लेकिन टीम को देखकर उसने भागने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरा पाकर आरोपी ने घबराकर पिस्टल निकाल ली और टीम पर 4 राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में इंस्पेक्टर रोहित कुमार और हेड कांस्टेबल विकास ने आरोपी के पैर में गोली मारी, जिसकी वजह से वह घायल होकर वहीं गिर गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।   

दिल्ली समेत यूपी में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, चोरी की स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जिस स्कूटी पर सवार था, उसने वह मालवीय नगर थाना क्षेत्र से चोरी की थी। अजय उर्फ कालिया के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में लूट, हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में केस दर्ज है, पुलिस उसे लंबे वक्त से तलाश कर रही थी।  

7